कालाअंब इंडस्ट्री एरिया की समस्याओ बारे उद्योगपतियों ने उपायुक्त को सौंपा मांग पत्र
कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उद्योगपतियों ने क्षेत्र की बदहाल व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर प्रशासन के सामने गंभीर चिंता जताई है। लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष अखिल माहेश्वरी के नेतृत्व में उद्योगपतियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा से मुलाकात कर औद्योगिक क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग की।
यंगवार्ता न्यूज - नाहन 24 जुलाई, 2026 :

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कालाअंब इंडस्ट्री एरिया में आधारभूत सुविधाओं की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। हालिया अग्निकांड ने आपदा प्रबंधन और फायर सेफ्टी व्यवस्था की कमियों को उजागर कर दिया है, जिससे उद्योग जगत में चिंता का माहौल है।
उद्योगपतियों ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र की अधिकांश सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। खराब सड़कों के कारण माल ढुलाई प्रभावित हो रही है और कर्मचारियों को भी रोजाना आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सड़कों के जल्द पुनर्निर्माण और मरम्मत की मांग उठाई।
प्रतिनिधिमंडल ने मारकंडा नदी के किनारे मजबूत रिटेनिंग वॉल (सुरक्षा दीवार) के निर्माण की आवश्यकता भी बताई। उनका कहना था कि बरसात के दौरान नदी में जलस्तर बढ़ने से कटाव का खतरा बना रहता है, जिससे औद्योगिक इकाइयों और आसपास के क्षेत्र को नुकसान पहुंच सकता है।
इसके अलावा उद्योगपतियों ने औद्योगिक क्षेत्र में फायर सेफ्टी सिस्टम को सुदृढ़ करने, जल निकासी व्यवस्था में सुधार, स्ट्रीट लाइट लगाने, नियमित सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी।
उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने उद्योगपतियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था और रोजगार का महत्वपूर्ण आधार हैं तथा औद्योगिक क्षेत्रों में बेहतर आधारभूत ढांचा और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक के बाद उद्योगपतियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी मांगों पर शीघ्र अमल करेगा, जिससे कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षित, सुव्यवस्थित और बेहतर औद्योगिक वातावरण विकसित हो सके।
What's Your Reaction?