यंगवार्ता न्यूज - मंडी 24 जुलाई, 2026 :
मंडी जिले के जोगिंद्रनगर उपमंडल के गुम्मा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। कुल्लू से मां सिमसा मंदिर के दर्शन के लिए जा रहा एक परिवार रास्ते में पानी पीने के लिए रुका था। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक चट्टान गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए।
हादसे में रामेश्वरी शर्मा, पत्नी गोपालकृष्ण, निवासी सुलतानपुर (कुल्लू) की मौके पर ही मौत हो गई। घायल सातों लोगों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तुरंत नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार परिवार दो वाहनों में सवार होकर कुल्लू से मां सिमसा मंदिर के दर्शन के लिए निकला था। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे गुम्मा के पास सभी लोग पानी पीने के लिए रुके। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक चट्टान गिर गई और लोग उसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।