मानसून सीजन में उपमंडल प्रशासन मुस्तैद, विभाग अलर्ट मोड पर रहें : एसडीएम अभिषेक मित्तल

मानसून सीजन के दृष्टिगत उपमंडल प्रशासन ऊना पूरी तरह मुस्तैद है। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) ऊना अभिषेक मित्तल ने बुधवार को मानसून को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहकर किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए।

Jul 8, 2026 - 19:46
 0  5
मानसून सीजन में उपमंडल प्रशासन मुस्तैद, विभाग अलर्ट मोड पर रहें : एसडीएम अभिषेक मित्तल

यंगवार्ता न्यूज ऊना, 8 जुलाई, 2026 : 


मानसून सीजन के दृष्टिगत उपमंडल प्रशासन ऊना पूरी तरह मुस्तैद है। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) ऊना अभिषेक मित्तल ने बुधवार को मानसून को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहकर किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन-धन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

एसडीएम ने जलभराव, भूस्खलन तथा अन्य संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि खड्डों एवं नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम तथा अन्य संबंधित विभागों को नालियों, पुलियों और जल निकासी तंत्र की नियमित सफाई, सिल्ट एवं मलबा हटाने तथा संवेदनशील सड़कों और भवनों की निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। सूखे एवं खतरनाक पेड़ों की पहचान कर उन्हें समय रहते हटाने को भी कहा गया।बैठक में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तिरपाल, राशन, कंबल, एलपीजी तथा अन्य आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयों एवं एंटी-स्नेक वेनम का पर्याप्त भंडारण रखने तथा जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए पेयजल गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए।विद्युत बोर्ड को मानसून के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने और आपातकालीन मरम्मत दल सक्रिय रखने, जबकि जल शक्ति विभाग को पेयजल आपूर्ति एवं जल निकासी व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।अभिषेक मित्तल ने बताया कि जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (ईओसी) चौबीसों घंटे सक्रिय है। किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दें। सहायता अथवा सूचना के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन 1077 तथा दूरभाष नंबर 01975-225049 पर संपर्क किया जा सकता है।बैठक में डीएसपी अजय ठाकुर, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनोज कुमार, बीएमओ मेहतपुर-बसदेहड़ा डॉ. राम पाल शर्मा तथा लोक निर्माण, जल शक्ति, विद्युत बोर्ड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow