मुख्यमंत्री ने 246 करोड़ रुपये की भूमिगत यूटिलिटी डक्ट परियोजना की आधारशिला रखी

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रविवार को शिमला में 246 करोड़ रुपये लागत की भूमिगत यूटिलिटी डक्ट परियोजना की आधारशिला रखी। इस परियोजना का उद्देश्य शहर के उपयोगिता अवसंरचना तंत्र का आधुनिकीकरण, शहरी सौंदर्यीकरण तथा आम नागरिकों की सुविधा में सुधार करना है।

Jun 8, 2026 - 12:20
 0  3
मुख्यमंत्री ने 246 करोड़ रुपये की भूमिगत यूटिलिटी डक्ट परियोजना की आधारशिला रखी

यंगवार्ता न्यूज शिमला 8 जून, 2026 : 


मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रविवार को शिमला में 246 करोड़ रुपये लागत की भूमिगत यूटिलिटी डक्ट परियोजना की आधारशिला रखी। इस परियोजना का उद्देश्य शहर के उपयोगिता अवसंरचना तंत्र का आधुनिकीकरण, शहरी सौंदर्यीकरण तथा आम नागरिकों की सुविधा में सुधार करना है। इस परियोजना के अंतर्गत छोटा शिमला-विलीपार्क-चौड़ा मैदान, लोक भवन-ओक ओवर तथा शेर-ए-पंजाब-सीटीओ चौक वाया लोअर बाजार क्षेत्रों में एकीकृत भूमिगत यूटिलिटी डक्ट नेटवर्क का निर्माण किया जाएगा। परियोजना पूर्ण होने के बाद विभिन्न उपयोगिता सेवाओं की व्यवस्थित स्थापना और रखरखाव संभव हो सकेगा, सड़कों की बार-बार खुदाई की आवश्यकता कम होगी तथा प्रदेश की राजधानी के स्वरूप में उल्लेखनीय सुधार आएगा।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक, सतत् एवं नागरिक-केंद्रित शहरी अवसंरचना के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भूमिगत यूटिलिटी डक्ट के निर्माण से सेवाओं की आपूर्ति बेहतर होगी, रखरखाव कार्यों के कारण होने वाली बाधाएं कम होंगी और शिमला अधिक व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित होगा।

सुक्खू ने इस पहल को शिमला के कायाकल्प की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील पत्थर बताते हुए कहा कि शिमला में ओवरहेड तारों को भूमिगत किया जा रहा है, जिससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी और स्थानीय लोगों तथा पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल शहर की आधारभूत संरचना को सदृढ़ करेगी बल्कि शिमला की विरासत एवं प्राकृतिक सौंदर्य को संरक्षित रखते हुए पर्यटन को भी बढ़ावा देगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमिगत यूटिलिटी नेटवर्क से आवश्यक सेवाओं के रख-रखाव में सुविधा होगी तथा विशेष रूप से भारी हिमपात और प्रतिकूल मौसम के दौरान बिजली एवं दूरसंचार सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, पार्षदगण, मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow