शहर में व्यावसायिक रसोई गैस सिलिंडरों का गंभीर संकट खड़ा,शहर में कई गैस एजेंसियों के गोदामों में लटके ताले
इस्राइल, अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध से शिमला शहर में व्यावसायिक के साथ घरेलू गैस सिलिंडर की ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है। शहर में वीरवार को हालात ऐसे हो गए जब लोगों की बुकिंग नहीं हो पाई तो लोगों ने गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने शुरू कर दिए
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 13-03-2026
इस्राइल, अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध से शिमला शहर में व्यावसायिक के साथ घरेलू गैस सिलिंडर की ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है। शहर में वीरवार को हालात ऐसे हो गए जब लोगों की बुकिंग नहीं हो पाई तो लोगों ने गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने शुरू कर दिए। इससे हिमलैंड समेत अन्य गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें लग गईं।
लोगों ने कहा कि बुकिंग की डेट होने के बाद भी गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। दूसरी ओर व्यावसायिक गैस सिलिंडर लेने के लिए इक्का-दुक्का कारोबारी ही गैस एजेंसियों के गोदामों के बाहर पहुंच थे लेकिन गोदामों में ताले लटके नजर आए। इसके बाद यह कारोबारी आधे घंटे के इंतजार के बाद मायूस होकर लौट गए। राजधानी में व्यावसायिक सिलिंडरों की किल्लत के बाद अब घरेलू गैस सिलिंडरों की बुकिंग न होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
गैस एजेंसियों में जहां 200 से 250 लोगों की बुकिंग लंबित चल रही है। इसका कारण सर्वर न चलना बताया जा रहा है। इसके अलावा व्यावसायिक गैस सिलिंडर न मिलने से लक्कड़ बाजार, मिडिल बाजार और ढली समेत कई छोटे बड़े होटल, रेस्टोरेंट तथा ढाबे बंद हो गए हैं। कुछ रेस्टोरेंट में अब इंडक्शन पर ही वर्करों के लिए खाना बनाया जा रहा है।
इसके अलावा कुछ जगहों पर केवल सेंडविच और हल्का नाश्ता देकर ही पर्यटकों का पेट भरा जा रहा है। शहरवासियों और कारोबारियों ने प्रशासन से कारोबारियों के लिए भी गैस सप्लाई उपलब्ध करवाने की मांग की है।
What's Your Reaction?



