तारंगल बस दुर्घटना की मेजीस्ट्रियल जांच के आदेश,उप-मुख्यमंत्री ने दुर्घटना स्थल का किया निरीक्षण

उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज सरकाघाट क्षेत्र में मसेरन के निकट तारंगल में हुई बस दुर्घटना के घायलों का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं

Jul 24, 2025 - 19:57
Jul 24, 2025 - 20:23
 0  6
तारंगल बस दुर्घटना की मेजीस्ट्रियल जांच के आदेश,उप-मुख्यमंत्री ने दुर्घटना स्थल का किया निरीक्षण

यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी    24-07-2025

उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज सरकाघाट क्षेत्र में मसेरन के निकट तारंगल में हुई बस दुर्घटना के घायलों का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उप-मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का दौरा किया और इस दुर्घटना की मेजीस्ट्रियल जांच करवाने की बात कही। 

इस बस दुर्घटना की सूचना मिलते ही उप-मुख्यमंत्री सरकाघाट पहुंचे। उन्होंने नागरिक अस्पताल सरकाघाट में उपचाराधीन घायलों का कुशल-क्षेम जाना। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम उपचार सुविधा प्रदान करने तथा स्थानीय प्रशासन को भी प्रभावितों को हरसंभव मदद उपलब्ध करवाने को कहा। 

इसके उपरांत उप-मुख्यमंत्री ने तारंगल पहुंच कर घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि इस बस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए हिमाचल पथ परिवहन विभाग के तकनीकी विंग की टीम कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार ने दुर्घटना की मेजीस्ट्रियल जांच के आदेश भी दे दिए हैं। 

उन्होंने बताया कि बस में चालक व परिचालक सहित 29 लोग सवार थे। इनमें से अभी तक आठ लोगों की दुःखद मृत्यु की पुष्टि हुई है। मृतकों में चार महिलाएं एवं चार पुरूष शामिल हैं। 21 अन्य घायल हुए हैं। 

उपमुख्यमंत्री ने बस दुर्घटना में मृतकों की आत्मा की शांति तथा शोक-संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। बस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को सरकार की ओर से 25-25 हजार रुपए तथा घायलों को पांच-पांच हजार रुपए की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। 

इस अवसर पर सरकाघाट से पूर्व प्रत्याशी पवन ठाकुर, उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा, उपमंडलाधिकारी (ना.) स्वाति डोगरा, जल शक्ति विभाग हमीरपुर जोन के मुख्य अभियंता रोहित दुबे, हिमाचल पथ परिवहन निगम के मुख्य महाप्रबंधक पंकज सिंघल सहित संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी व अन्य  उपस्थित थे।  
 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow