नादाैन दाैरे पर जा रहे सीएम सुक्खू के हेलीकॉप्टर को खराब मौसम के चलते एहतियातन ऊना में उतारना पड़ा
हमीरपुर जिले के नादाैन दाैरे पर जा रहे प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के हेलीकॉप्टर को गुरुवार को खराब मौसम के चलते एहतियातन ऊना में उतारना पड़ा। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन झलेड़ा स्थित मैदान में सुरक्षित रूप से लैंड कराया गया
यंगवार्ता न्यूज़ - हमीरपुर 12-03-2026
हमीरपुर जिले के नादाैन दाैरे पर जा रहे प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के हेलीकॉप्टर को गुरुवार को खराब मौसम के चलते एहतियातन ऊना में उतारना पड़ा। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन झलेड़ा स्थित मैदान में सुरक्षित रूप से लैंड कराया गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री कुछ समय के लिए यहां रुके और मौजूद लोगों से बातचीत भी की। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री सुक्खू का सुबह करीब 11:20 बजे अपने गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन (जिला हमीरपुर) पहुंचने का कार्यक्रम था, जहां अमतर में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग प्रस्तावित थी। लेकिन मौसम खराब होने के कारण उड़ान के दौरान बदलाव करना पड़ा।
शिमला से उड़ान भरने के बाद चंडीगढ़ तक मौसम साफ होने का संकेत मिला, लेकिन आगे मौसम खराब होने की सूचना मिलने पर सुरक्षा कारणों से हेलीकॉप्टर को ऊना में ही उतारने का निर्णय लिया गया। कुछ देर बाद नादौन में मौसम साफ होने की सूचना मिलने पर हेलीकॉप्टर ऊना से रवाना हुआ। इसके बाद मुख्यमंत्री ने नादौन कॉलेज में आयोजित समारोह में भाग लिया और क्षेत्र में लोगों की जन समस्याएं भी सुनीं।
उनका रात्रि विश्राम सेरा स्थित विश्राम गृह में निर्धारित है। वहीं शुक्रवार को मुख्यमंत्री ऊना जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बताया कि नादौन क्षेत्र में मौसम खराब होने के कारण मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर एहतियातन ऊना में उतारा गया था। मौसम में सुधार होने के बाद हेलीकॉप्टर यहां से नादौन के लिए रवाना हो गया।
What's Your Reaction?



