हरियाली के साथ ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाएगी एचपी शिवा परियोजना  , मंडी में रोपे जाएंगे अमरूद के 7777 पौधे : डॉ. संजय गुप्ता

हिमाचल प्रदेश को फल राज्य बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार और बागवानी विभाग के लगातार प्रयासों की कड़ी में बागवानी विभाग द्वारा हिमाचल प्रदेश उपोष्णकटिबंधीय बागवानी, सिंचाई एवं मूल्यवर्धन (एचपी शिवा) परियोजना के तहत मंडी जिले के विकासखंड सदर के अंतर्गत बाड़ी क्लस्टर में एक दिवसीय पौधरोपण अभियान और प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्लस्टर के लाभार्थी किसानों को आधुनिक तकनीकों से रूबरू करवाया गया

Jul 18, 2026 - 18:16
Jul 18, 2026 - 19:07
 0  7
हरियाली के साथ ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाएगी एचपी शिवा परियोजना  , मंडी में रोपे जाएंगे अमरूद के 7777 पौधे : डॉ. संजय गुप्ता

यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी  18-07-2026

हिमाचल प्रदेश को फल राज्य बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार और बागवानी विभाग के लगातार प्रयासों की कड़ी में बागवानी विभाग द्वारा हिमाचल प्रदेश उपोष्णकटिबंधीय बागवानी, सिंचाई एवं मूल्यवर्धन (एचपी शिवा) परियोजना के तहत मंडी जिले के विकासखंड सदर के अंतर्गत बाड़ी क्लस्टर में एक दिवसीय पौधरोपण अभियान और प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्लस्टर के लाभार्थी किसानों को आधुनिक तकनीकों से रूबरू करवाया गया। शिविर के दौरान बागवानी विशेषज्ञों ने किसानों को अमरूद के पौधों को रोपने की वैज्ञानिक पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी। किसानों को केवल थ्योरी ही नहींबल्कि खेत में ले जाकर व्यावहारिक प्रशिक्षण (ऑन-फील्ड डेमोंस्ट्रेशन) भी दिया गया। 

 

इसमें गड्ढे भरने की सही तकनीकखाद का अनुपात और पौधा रोपण के समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में प्रदर्शन करके सिखाया गया। इस दौरान किसानों को अमरूद की उन्नत किस्में वीएनआर विही और जॉर्वी रेड के पौधे दिए गए। मुख्य अतिथि बागवानी उपनिदेशक डॉ. संजय गुप्ता ने किसानों को इस महत्वाकांक्षी परियोजना की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत बाड़ी क्लस्टर में कुल सात हेक्टेयर क्षेत्र को शामिल किया जा रहा है। मौजूदा सीजन में क्लस्टर के भीतर रिकॉर्ड 7777 अमरूद के पौधों का रोपण किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना आने वाले समय में इस क्षेत्र के किसानों के जीवन स्तर को सुधारने और उनकी आजीविका को सुदृढ़ करने में एक मील का पत्थर साबित होगी और आने वाले कुछ ही वर्षों में किसान अपनी आर्थिकी में इस बड़े बदलाव को खुद महसूस करेंगे। 

 

 

डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि प्रदेश सरकार और बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी के दिशा-निर्देशों के तहत महज दो महीने पहले ही इस क्लस्टर का चयन किया गया था। विभाग की मुस्तैदी और टीम वर्क का ही नतीजा है कि इतने कम समय में जमीन तैयार कर आज क्लस्टर में बड़े स्तर पर पौधा रोपण का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस अवसर पर सदर ब्लॉक की बागवानी विकास अधिकारी डॉ. शिक्षा सहित एचपी शिवा परियोजना की पूरी ब्लॉक टीम और स्थानीय प्रगतिशील किसान व लाभार्थी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow