मेले और त्यौहार हमारी समृद्ध संस्कृति का प्रतीक , ज़िला स्तरीय राथल मेले में पहुंचे शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर 

 शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज जुब्बल उपमंडल में शुराचली क्षेत्र के अंतर्गत ऐतिहासिक और प्रसिद्ध जिला स्तरीय राथल मेले मे शिरकत की। गौरतलब है कि यह मेला सदियों से मनाया जा रहा है और स्थानीय जनता की आस्था का प्रतीक है। इस मेला में क्षेत्र के 4 प्रमुख देवता बनाड़, देशमौलिया, पवासी और गुडारू भाग लेते है जिनका सम्बन्ध क्रमशः शराचली क्षेत्र सहित मांदल, ढाडी, भोलाड़ और छुपाड़ी गाँव से है

Aug 9, 2025 - 19:49
Aug 9, 2025 - 20:24
 0  38
मेले और त्यौहार हमारी समृद्ध संस्कृति का प्रतीक , ज़िला स्तरीय राथल मेले में पहुंचे शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर 
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
 
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला  09-08-2025

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज जुब्बल उपमंडल में शुराचली क्षेत्र के अंतर्गत ऐतिहासिक और प्रसिद्ध जिला स्तरीय राथल मेले मे शिरकत की। गौरतलब है कि यह मेला सदियों से मनाया जा रहा है और स्थानीय जनता की आस्था का प्रतीक है। इस मेला में क्षेत्र के 4 प्रमुख देवता बनाड़, देशमौलिया, पवासी और गुडारू भाग लेते है जिनका सम्बन्ध क्रमशः शराचली क्षेत्र सहित मांदल, ढाडी, भोलाड़ और छुपाड़ी गाँव से है। इस मेला में स्थानीय जनता के साथ-साथ पड़ोसी क्षेत्र रोहड़ू से भी बड़ी संख्या में लोग भाग लेते है। रोहित ठाकुर ने ऐतिहासिक मेले के अवसर पर सभी देवताओं का आशीर्वाद लिया औऱ क्षेत्र वासियों और मेले में आये हुए श्रद्धालुओं को राथल मेले की बधाइयाँ दी। उन्होंने कहा कि मेले और त्यौहार हमारी समृद्ध संस्कृति का प्रतीक है और यह आवश्यक है कि हम सब इन सांस्कृतिक धरोहरो को संजो कर रखे जिससे हमारी महान और अनूठी देव संस्कृति अनंत काल तक संरक्षित रह सके। 
उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए बताया कि हमारी संस्कृति हमें आपसी प्रेम, सद्भाव और मेलजोल का संदेश देती है। हमें जहाँ वर्त्तमान वैज्ञानिक युग में वैश्विक परिस्थितियों में सबके साथ आगे बढ़ना होगा, वहीं यह भी ज़रूरी है कि हम अपनी पुरातन और मूल संस्कृति से भी जुड़े रहे। रोहित ठाकुर ने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र जुब्बल-कोटखाई में समुचित विकास सुनिश्चित हुआ है और शुराचली क्षेत्र भी इससे अछूता नहीं है। उन्होंने बताया कि सावड़ा-मांदल-झगटान, जो इस क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण सड़क है, उसके मेटलिंग और टारिंग का कार्य 22 करोड़ 48 लाख रूपये की लागत से युद्ध स्तर पर जारी है। 2023 की आपदा में क्षतिग्रस्त हुई थाना से मांदल सड़क के रिटारिंग का कार्य भी 25 लाख रूपये की लागत से प्रगति पर है। रोहित ठाकुर ने बताया कि 4 करोड़ 25 लाख रूपये से बनने वाले चामसु पुल का निर्माण कार्य शीघ्र आरम्भ कर लिया जायेगा। 
यह पुल एक महत्वपूर्ण और केंद्रीय स्थान पर बन रहा है जिससे न केवल शुराचली की जनता लाभान्वित होगी अपितु सीमावर्ती रोहड़ू उपमंडल के ग्रामीण भी लाभान्वित होंगे। इसके अतिरिक्त 1 करोड़ 74 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोलाड़ के भवन का कार्य भी प्रगति पर है और 1 करोड़ 54 लाख रुपए की राशि से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राथल का नवनिर्मित भवन भी जनता को समर्पित किया गया है। इसके अतिरिक्त मांदल पंचायत के अंतर्गत 5 करोड़ 64 लाख से बनने वाली "रोहटान से चतनोल" संपर्क सड़क एवं भोलाड़ पंचायत के अंतर्गत 6 करोड़ 66 लाख से बनने वाली "जारला क्यारा भोंवा" संपर्क सड़क को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना चरण 4 के अंतर्गत वित्तपोषण हेतू भेजा जा चुका है। 
रोहित ठाकुर ने बताया कि पिछले वर्ष से स्थानीय जनता के अनुरोध और राज्य सरकार के प्रयासों के चलते राथल मेला को जिला स्तरीय घोषित किया गया और इस वर्ष इसे जिला स्तरीय मेला के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर रोहित ठाकुर ने केक काटकर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गए। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य कौशल मुंगटा, भोलाड़ पंचायत एवं साथ लगती पंचायतों के जन प्रतिनिधि, उपमंडल दण्डाधिकारी जुब्बल गुरमीत नेगी, डीएसपी प्रणव चौहान, खण्ड विकास अधिकारी जुब्बल करण सिंह एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow