ब्रिक्स सम्मेलन भारत के लिए गर्व की बात , रूस, चीन समेत सदस्य देशों से मजबूत होंगे रिश्ते : विक्रमादित्य सिंह

हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नई दिल्ली में चल रहे ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर कहा है कि ब्रिक्स भारत के राष्ट्रीय हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण मंच है और आने वाले समय में भारत को इसमें अपनी भूमिका और मजबूत करनी चाहिए। विक्रमादित्य सिंह ने रूस और चीन के साथ संबंधों, वैकल्पिक वैश्विक आर्थिक व्यवस्था, कच्चे तेल की कीमतों, हिमालयी क्षेत्र में आपदाओं और जलवायु परिवर्तन से लेकर मानसून से हिमाचल को हुए नुकसान और शिमला की ट्रैफिक समस्या तक कई मुद्दों पर अपनी बात रखी है

Sep 13, 2026 - 19:21
Sep 13, 2026 - 19:53
 0  4
ब्रिक्स सम्मेलन भारत के लिए गर्व की बात , रूस, चीन समेत सदस्य देशों से मजबूत होंगे रिश्ते : विक्रमादित्य सिंह
  
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला  13-09-2026
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नई दिल्ली में चल रहे ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर कहा है कि ब्रिक्स भारत के राष्ट्रीय हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण मंच है और आने वाले समय में भारत को इसमें अपनी भूमिका और मजबूत करनी चाहिए। विक्रमादित्य सिंह ने रूस और चीन के साथ संबंधों, वैकल्पिक वैश्विक आर्थिक व्यवस्था, कच्चे तेल की कीमतों, हिमालयी क्षेत्र में आपदाओं और जलवायु परिवर्तन से लेकर मानसून से हिमाचल को हुए नुकसान और शिमला की ट्रैफिक समस्या तक कई मुद्दों पर अपनी बात रखी है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि नई दिल्ली में हो रहा ब्रिक्स सम्मेलन भारत के लिए गर्व की बात है। ब्रिक्स विचारधारा से जुड़ा मंच नहीं बल्कि भारत के राष्ट्रीय हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण संगठन है। भारत को ब्राजील, चीन, रूस और दक्षिण अफ्रीका समेत ब्रिक्स के सभी देशों के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करने की जरूरत है। 
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ब्रिक्स में भारत की भूमिका और नेतृत्व मजबूत होना चाहिए। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आईटी सेक्टर में भी भारत को अपनी क्षमता बढ़ानी होगी, क्योंकि चीन इन क्षेत्रों में भारत से काफी आगे निकल चुका है। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स के जरिए युवाओं के लिए रोजगार, निवेश और डिफेंस कैपेबिलिटी बढ़ाने के अवसर भी पैदा हो सकते हैं।विक्रमादित्य सिंह ने रूस को भारत का पुराना और भरोसेमंद मित्र बताते हुए 1971 के युद्ध का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत को अपने राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखते हुए रूस समेत सभी देशों के साथ संतुलित और मजबूत संबंध रखने चाहिए। साथ ही मौजूदा वैश्विक आर्थिक व्यवस्था के विकल्प के तौर पर वैकल्पिक करेंसी और मजबूत बैंकिंग चैनलों पर भी विचार जरूरी है। विक्रमादित्य सिंह ने हिमालयी क्षेत्र में लगातार बदलते पर्यावरण और बढ़ती निर्माण गतिविधियों को गंभीर विषय बताया। उन्होंने कहा कि हिमाचल, उत्तराखंड और नॉर्थ ईस्ट के राज्यों के साथ चीन और नेपाल से जुड़े हिमालयी क्षेत्र में हाइड्रो प्रोजेक्ट और अन्य निर्माण कार्य हो रहे हैं। 
 
 
 
हाल में हिमाचल, उत्तराखंड और नेपाल में हुई प्राकृतिक आपदाएं इस बात की ओर इशारा करती हैं कि हिमालयी क्षेत्र को लेकर व्यापक संवाद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह केवल किसी एक देश या राज्य का मुद्दा नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र से जुड़ा विषय है। जलवायु परिवर्तन को बड़ी चुनौती बताते हुए उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में पड़ोसी देशों के साथ बेहतर समन्वय और लगातार संवाद होना चाहिए। वहीं मानसून से हुए नुकसान को लेकर लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि इस साल हिमाचल प्रदेश में करीब 1500 से 1600 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। सड़कों और पुलों समेत कई सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि उन्होंने कहा कि 2023 और 2024 की तुलना में इस बार नुकसान कम है, क्योंकि उन वर्षों में नुकसान का आंकड़ा करीब 10 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया था। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार सड़कों को बहाल करने और क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की मरम्मत का काम कर रही है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में करीब 800 किलोमीटर सड़कों के सुधार के लिए बजट का प्रावधान किया गया है। 
 
 
 
बारिश का दौर खत्म होते ही अक्टूबर से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मेटलिंग और सड़क सुधार का काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि करीब 350 किलोमीटर सड़कों पर अलग-अलग जोन में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण मार्च-अप्रैल में कई सड़क कार्य प्रभावित हुए थे, जिन्हें अब अक्टूबर-नवंबर में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं कार्ट रोड चौड़ीकरण और जमीन अधिग्रहण को लेकर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कार्ट रोड को चौड़ा करने की प्रक्रिया लंबे समय से चल रही थी और उन्होंने खुद अलग-अलग स्थानों का निरीक्षण किया है। अब इसकी प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। जमीन अधिग्रहण के लिए निर्धारित नीति के तहत कार्रवाई होगी और सर्किल रेट के आधार पर जमीन मालिकों को मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्ट रोड के चौड़ीकरण से शिमला की यातायात व्यवस्था को काफी राहत मिलेगी। 
 
 
 
शिमला के ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए दो टनल प्रस्तावित की गई हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पहली फेस को स्वीकृति दी जा चुकी है। इन टनल के माध्यम से शहर के अलग-अलग हिस्सों को बेहतर तरीके से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि लोगों को हर बार मुख्य शहर से होकर न गुजरना पड़े। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में ये टनल शिमला की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण साबित होंगी। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि वह हर्ष महाजन का सम्मान करते हैं, लेकिन अब उनकी राजनीतिक पारी आखिरी समय में है। 
 
 
 
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हर्ष महाजन को अपना राज्यसभा का समय आराम से और खुशनुमा होकर बिताना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभी उनका चार से पांच साल का समय है, जिसके बाद वह आराम से रिटायरमेंट ले सकते हैं। वहीं, शिमला जिला परिषद अध्यक्ष चुनाव में हार पर  विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पार्टी चुनाव के नतीजों और कमियों का आकलन करेगी। उन्होंने कहा कि जहां कमियां रही हैं, उन्हें दूर करने और आने वाले समय में बेहतर प्रदर्शन के लिए कांग्रेस पूरी तरह प्रयास करेगी।

 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow