यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 02-08-2026
सिरमौर जिले के करीब 250 युवाओं ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। माय भारत सिरमौर द्वारा पीजी कॉलेज नाहन में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने नशा मुक्त भारत के संकल्प को दोहराया।
मीडिया से बात करते हुए जिला युवा अधिकारी अम्रशा शर्मा ने बताया कि माय भारत सिरमौर की ओर से वाई.एस. परमार पीजी कॉलेज, नाहन में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के करीब 250 युवाओं, शिक्षकों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। प्रधानमंत्री ने देशभर के 10 हजार से अधिक स्थानों पर युवाओं से सीधा संवाद करते हुए नशे के खिलाफ जन आंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 100 सप्ताह तक हर रविवार नशा मुक्ति अभियान चलाने की घोषणा की अभियान के तहत अब जागरूकता रैलियां, खेल गतिविधियां, योग, ध्यान, नुक्कड़ नाटक और अन्य सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ और सशक्त भारत का निर्माण किया जा सके।