यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 02-08-2026
ऐतिहासिक चौगान मैदान में इस वर्ष पहली बार 18 से 27 सितंबर वामन द्वादशी मेले का आयोजन किया जा रहा है। प्राचीन वामन भगवान मंदिर समिति और ठाकुरद्वारा रघुनाथ ट्रस्ट नाहन की ओर से इस दस दिवसीय मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक संध्याओं का भी आयोजन किया जाएगा।
मीडिया से बात करते हुए आयोजित योगेश्वर गौतम ने बताया कि 18 से 27 सितंबर तक नाहन के चौगान मैदान में आयोजित होने वाला वामन द्वादशी मेला इस बार भी धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बनेगा। इस दस दिवसीय मेले में श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। समिति के अनुसार मेले के दौरान हर शाम सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश और प्रदेश के कई प्रसिद्ध गायक एवं कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
इसके अलावा धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और पारंपरिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 23 सितंबर को परंपरा के अनुसार पूर्व की भांति नाहन के अलग-अलग मंदिरों से पालकिया जगन्नाथ मंदिर नाहन पहुंचेगी। इसके बाद बड़ा चौक से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो पक्का तालाब तक पहुंचेगी। यहां पारंपरिक नौका विहार का आयोजन होगा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं।