यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 08-03-2026
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने मुख्यमंत्री के नाहन दौरे को निराशाजनक बताते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री के दौरे से लोगों को कई उम्मीदें थी। मगर मुख्यमंत्री के इस दौरे से लोगों को सीधे तौर पर निराशा हाथ लगी है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर पूर्व सरकार द्वारा किए गए कार्यों के श्रेय लेने का भी आरोप लगाया। पार्टी कार्यालय दीपकमल में आज मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि इस दौर से लोगों को कई उम्मीदें थी कि मुख्यमंत्री यहां आकर कई सौगातें जिला सिरमौर को देंगे साथ ही जो संस्थान सरकार ने सत्ता में आते ही बंद कर दिए थे उनको बहाल किया जाएगा मगर मुख्यमंत्री के दौरे से सिर्फ लोगों के हाथ निराशा लगी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री द्वारा जो भी उद्घाटन किए गए उसका बजट पूर्व की सरकार द्वारा उपलब्ध करवाया गया था और 80% से अधिक कार्य भी पूर्व सरकार के समय में पूरे हो चुके थे।
राजीव बिंदल ने यह भी कहा कि मौजूदा कांग्रेस सरकार ने डॉ वाई एस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन की सीधे तौर पर अनदेखी की है और पिछले साढ़े तीन साल के कार्यकाल में मेडिकल कॉलेज का रुका हुआ निर्माण कार्य सरकार आगे नहीं बढ़ा पाई है । उन्होंने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण के लिए 261 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध करवाई थी मगर सरकार उसे पैसे को भी खर्च नहीं कर पाई। डॉ. बिन्दल ने कहा कि सिरमौर जिला का एक मात्र मैडिकल कॉलेज व अस्पताल भवन तेज गति से निर्माणाधीन था, साढ़े तीन साल से काम बंद है जिसका नुकसान जिला सिरमौर की जनता भुगत रही है। डॉ. बिन्दल ने आरोप लगाया कि केवल अपनी राजनीति चमकाने के लिए हजारों-हजारों मरीजों के जीवन के साथ खिलवाड़ करते हुए 261 करोड़ रू0 की लागत से बन रहे अस्पताल व मैडिकल कॉलेज भवन का कार्य बंद करा दिया और भवन को खंडहर में तबदील कर दिया।
डॉ. बिन्दल ने कहा कि माता एवं शिशु अस्पताल के निर्माण के लिए 20 करोड़ रू0 केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा द्वारा दिए गए , अस्पताल निर्माण का स्थान तय हुआ, नक्शा इत्यादि फाइनल होने के बाद भी 40 महीने में कार्य का शुरू न होना गर्भवती माताओं के साथ कांग्रेस की सरकार का , कांग्रेस के विधायक का , मंत्री का अत्याचार है। 2024-25 के केन्द्रीय बजट में नर्सिंग कॉलेज का प्रावधान नाहन के लिए किया गया था और 70 करोड़ रू0 के बजट का प्रावधान होने के बावजूद आज तक एक भी ईंट नर्सिंग कॉलेज की नहीं लगी। इस प्रकार मेडिकल सुविधाओं को तार-तार करने का काम वर्तमान सरकार ने किया। नाहन के अस्पताल में सुधार तो दूर की बात है 25 वेंटीलेटर अस्पताल में हैं सभी बंद पडे है। सीटी स्कैन के लिए 2 से 3 सप्ताह तक इंतजार करनी पडती है। बातें बडी-बडी हैं एक अद्द एम.आर.आई मशीन भी नहीं लगाई जा सकी। अस्पताल में नवजात शिशु के लिए नियोनेटोलॉजी यूनिट शुरू होना था नहीं हुआ। कैंसर के रोगियों के लिए पूरी व्यवस्था शुरू होनी थी नहीं हुई। नया ऑपरेशन थियेटर बनना था नहीं बना।
हार्ट के रोगियों के लिए प्रावधान होना था नहीं हुआ। डॉक्टरों की संख्या में गिरावट आई। पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के दौरान स्वीकृत की गई धनराशियों से निर्मित कार्यों के उद्घाटन करके केवल झूठा यश लेने का प्रयास हो रहा है व केन्द्र सरकार द्वारा प्रदत्त प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना व अन्य योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत राशियों के शिलान्यास एवं उद्घाटन करके जनता को दिगभ्रमित नहीं किया जा सकता। टैनिस व स्कवैश कोर्ट का काम पूर्व सरकार के दौरान 80 प्रतिशत पूरा हो चुका था उसे साढे 3 साल लटका कर रखा गया। पोलिटेक्निक कॉलेज धौलाकुंआ के छात्रावास भवन/प्रशासनिक भवन, आवासीय भवन, कन्या छात्रावास व ऑटोमोबाईल ब्लाक का निर्माण एवं धन की स्वीकृति पूर्व सरकार के दौरान ही की गई व साढे 3 साल केवल कार्य को लम्बित किया गया। लिंक रोड जुड्डा से गाड्डा कोटडी के निर्माण हेतु सम्पूर्ण कार्य पूर्व सरकार में करवाया गया वन विभाग की अनुमति लेकर पेड़ों का कटान कराना व धन की स्वीकृति सब पूर्व सरकार में करवाई गई।
काला आम फायर ब्रिगेड की स्थापना पूर्व सरकार में करवाई गई, इसके भवन निर्माण का शिलान्यास व धन का प्रावधान पूर्व सरकार में किया गया केवल उसे लम्बित करने का काम वर्तमान कांग्रेस द्वारा किया गया। भेड़ों से आदि बद्री सड़क निर्माण का सम्पूर्ण पैसे हरियाणा सरकार से लोक निर्माण विभाग को 2022 में जमा कराए गए थे व पूरी मातर पंचायत के लिए 34.05 करोड़ रुपये दिया गया था। जिस पर कार्य अभी तक नहीं किया गया है। बर्मा पापड़ी पालियों सडक के उन्नयन का काम मोदी सरकार द्वारा दिए गए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से होना है जिसके लिए लिए भाजपा द्वारा लगातार प्रयास किया गया। सैनवाला झमीरिया बोगरिया जामनवाला चरूवाला सड़क की विधायक प्राथमिकता से लेकर नाबार्ड की स्वीकृति तक सब कुछ पूर्व सरकार के दौरान की गई। अब प्रदेश की जनता का कांग्रेस सरकार से मोहभंग हो चुका है। झूठी गारंटियों के दम पर आई झूठी सरकार के रुखसत होने का समय आ चुका है।