यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 25-02-2026
सिरमौर जिला के उप मंडल पांवटा साहिब के तहत आने वाले जिला परिषद के भंगानी वार्ड का नाम बदले जाने पर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई है मामले को लेकर आज ग्रामीण जिला मुख्यालय नाहन पहुंचे और जिला उपायुक्त व जिला निर्वाचन अधिकारी सिरमौर प्रियंका वर्मा से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोगों ने बताया कि पंचायती राज चुनाव के मद्देनजर जिला उपायुक्त व जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा आपत्तियां दर्ज करवाने के लिए समय दिया गया था। इसी कड़ी में जिला परिषद वार्ड भंगानी का नाम बदलकर गोरखुवाला रख दिया है जिस पर स्थानीय लोगों ने आपत्ति दर्ज करवाई है। उन्होंने कहा कि भंगानी साहिब एक ऐतिहासिक नाम है जो लोगों की धार्मिक आस्थाओं से भी जुड़ा है।
पिछले कई दशकों से यह वार्ड जिला परिषद के नाम से जाना जाता है। ऐसे में लोगों द्वारा वार्ड का नाम ना बदले जाने का आग्रह किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि उपायुक्त द्वारा उचित कार्रवाई का भरोसा दिया गया है साथ ही मामले में सुनवाई के लिए 28 फरवरी का दिन तय किया गया है।