नाहन से चोरी हुई स्कूटी 48 घंटे में बरामद, CCTV फुटेज से मिला सुराग, बाल अपचारी हिरासत में

जिला सिरमौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाहन से चोरी हुई एक स्कूटी को महज 48 घंटे के भीतर हरियाणा के अंबाला से बरामद कर लिया है। मामले में एक बाल अपचारी को पुलिस ने हिरासत में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।

Jul 31, 2026 - 18:46
 0  4
नाहन से चोरी हुई स्कूटी 48 घंटे में बरामद, CCTV फुटेज से मिला सुराग, बाल अपचारी हिरासत में

यंगवार्ता न्यूज - नाहन 31 जुलाई, 2026 :

जिला सिरमौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाहन से चोरी हुई एक स्कूटी को महज 48 घंटे के भीतर हरियाणा के अंबाला से बरामद कर लिया है। मामले में एक बाल अपचारी को पुलिस ने हिरासत में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई को पुलिस चौकी गुन्नूघाट में नया बाजार निवासी अजय सिंगला ने शिकायत दर्ज करवाई कि 25 जुलाई की रात उनकी दुकान के बाहर खड़ी स्कूटी (एचपी-18सी-5734) चोरी हो गई थी। घटना के बाद उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें एक अज्ञात युवक स्कूटी ले जाता हुआ दिखाई दिया।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस थाना सदर नाहन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की तलाश तेज की। इसके लिए अन्वेषण अधिकारी रणबीर सिंह, हेड कांस्टेबल अरुण कुमार और कांस्टेबल चमन लाल की टीम को अंबाला भेजा गया।

पुलिस टीम ने अंबाला रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया, जहां एक बाल अपचारी को मामले में संलिप्त पाए जाने पर हिरासत में लिया गया। उसकी निशानदेही पर अंबाला-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे, अंबाला रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर चोरी की गई स्कूटी बरामद कर ली गई।

पुलिस अधीक्षक सिरमौर एन.एस. नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी बाल अपचारी के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सिरमौर पुलिस अपराधों के त्वरित खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow