कुल्लू में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, कार और शैड में छिपाई 45 पेटी अवैध शराब बरामद
जिले में अवैध शराब का कारोबार करने वालों पर राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने शिकंजा कस दिया है। जिले में अवैध शराब के परिवहन, भंडारण और बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए चलाए गए विशेष सघन जांच अभियान के तहत विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है।
यंगवार्ता न्यूज कुल्लू 6 जून, 2026 :
उपायुक्त राज्य कर एवं आबकारी (कुल्लू) मनोज डोगरा ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि पहला मामला कुल्लू के समीप तलोगी इलाके का है। यहां चेकिंग के दौरान विभाग की टीम ने एक कार को रोका। जब कार की गहनता से तलाशी ली गई तो उसमें भारी मात्रा में शराब छिपाई गई थी। टीम ने कार से 18 पेटी देशी शराब, 2 पेटी अंग्रेजी शराब और 3 पेटी बीयर सहित कुल 23 पेटी अवैध शराब बरामद की।
विभाग की टीम ने दूसरी सफल कार्रवाई रामशिला (कुल्लू) में की। यहां एक टीननुमा शैड के अंदर अवैध शराब का भंडारण किया गया था। टीम ने जब टिन शेड में छापा मारा तो वहां से 12 पेटी देशी शराब, 1 पेटी अंग्रेजी शराब और 9 पेटी बीयर सहित कुल 22 पेटी शराब बरामद हुई। दोनों ही जगहों पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद शराब को मौके पर ही विधिवत रूप से जब्त कर लिया है।
उपायुक्त मनोज डोगरा ने बताया कि इस पूरे अभियान को विभाग की एक विशेष टीम ने मुस्तैदी से अंजाम दिया। इस टीम में सहायक आयुक्त (आबकारी) फूल चन्द राणा, सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी पंकज राणा, राकेश कुमार और सुरेश कुमार शर्मा (बंजार) शामिल थे। इनके साथ मानद मुख्य आरक्षी देश राज, अशोक कुमार व आरक्षी खीमा राम ने भी इस धरपकड़ में अहम भूमिका निभाई। इस मामले में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 की धारा 39 के तहत केस दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
What's Your Reaction?



