न्यूज़ एजेंसी - देहरादून 06-02-2026
पिथौरागढ़ से लगी भारतीय सीमा के पास नेपाल के बैतडी जिले में एक बहुत ही हृदय विदारक और बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां बरातियों को ले जा रही एक बस अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी जिससे चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में 13 बारातियों की मौके पर या उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है जबकि 34 अन्य यात्री घायल हैं। यह भीषण हादसा गुरुवार की रात को उस समय हुआ जब बस एक कठिन पहाड़ी चढ़ाई को पार करने की कोशिश कर रही थी। बैतडी के पुरचुंणी नगरपालिका के भवने गांव से एक बरात दुल्हन को लेकर बजांग के सुनकुडा की ओर रवाना हुई थी।
रास्ते में पुरचूंणी के बड़गांव मोड़ के पास बस अचानक अपना संतुलन खो बैठी और सीधे गहरी खाई में जा समाई। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार बस में क्षमता से अधिक लोग सवार थे जिसके कारण वाहन चढ़ाई नहीं चढ़ सका। जिला प्रहरी कार्यालय बैतडी के प्रहरी प्रवक्ता ने बताया कि इस भीषण हादसे में कुल 13 लोगों की जान चली गई है। मृतकों में 13 साल का एक मासूम बच्चा अशोक राज जोशी भी शामिल है जिसने इस हादसे में अपना दम तोड़ दिया। छह बरातियों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी जबकि सात अन्य ने अलग-अलग अस्पतालों में दम तोड़ा। हादसे की खबर मिलते ही नेपाल एपीएफ, स्थानीय पुलिस और पास के गांव वाले तुरंत राहत कार्य के लिए मौके पर पहुंचे।
अंधेरी रात और दुर्गम पहाड़ी रास्ता होने के बावजूद रेस्क्यू टीम ने सभी यात्रियों को खाई से बाहर निकालने का काम किया। पुलिस महानिरीक्षक ने पुष्टि की है कि घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाने के लिए सभी स्थानीय संसाधनों का उपयोग किया गया। बस हादसे में घायल हुए 34 लोगों में से कई यात्रियों की शारीरिक स्थिति अभी भी बहुत गंभीर और नाजुक बनी हुई है। गंभीर रूप से घायल पांच बरातियों को बेहतर इलाज के लिए धनगढ़ी भेजा गया है जबकि 25 का इलाज डडेलधुरा में है। दो यात्रियों ने कोटिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया और डॉक्टर अन्य जीवन बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
हादसे में मृतकों की सूची
दुर्घटना में मरने वालों में बजांग बित्थड चीर गांव पालिका निवासी केशव राज जोशी (40) अशोक राज जोशी 13, बसंत राज जोशी (35), बिष्णु दत्त जोशी (41), नरेश राज जोशी (42), बिशन दत्त जोशी (17) दीपक जोशी (28), किशन जोशी (46), बजांग केदारस्युँ गांव पालिका निवासी मोहन देव भट्ट (60) केशव भट्ट (27), बजांग जय पृथ्वी नगर पालिका निवासी बसंत राज रतला (40), बैतडी पुरचूणीं नगरपालिका निवासी पुष्पा अवस्थी (40), बैतडी पुरचूणीं नगरपालिका निवासी सुशील जोशी के अलावा 13 साल की एक मासूम भी शामिल हैं।