जन सहयोग से हिमाचल को बनाएंगे आत्मनिर्भर : जगत सिंह नेगी

राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास और जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि हिमाचल की जनता के सहयोग से प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा

Oct 23, 2024 - 19:59
 0  4
जन सहयोग से हिमाचल को बनाएंगे आत्मनिर्भर : जगत सिंह नेगी

यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी    23-10-2024

राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास और जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि हिमाचल की जनता के सहयोग से प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि जड़ोल में 1970 में बनाया गया एचपीएमसी का यूनिट काफी पुराना हो चुका है। इसमें जो भी सुधार करने की जरूरत होगी, वह अवश्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में आई बागवानी विकास परियोजना के अन्तर्गत  प्रदेश में जगह-जगह सब्जी मंडियां, सीए स्टोर इत्यादि बनाए गए हैं। 

बागवानी विकास के लिए हिमाचल प्रदेश के सात जिलों में एचपी शिवा परियोजना क्रियान्वित की जा रही है। एशियन विकास बैंक द्वारा वित्तपोषित इस परियोजना पर 1200 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। इसके अन्तर्गत सिंचाई के लिए पानी, पौधे लगाने सहित अन्य सभी कार्य निःशुल्क किए जाते हैं। 

परियोजना के तहत मंडी जिला में 1100 हैक्टेयर भूमि पर 84 क्लस्टर बनाए जाएंगे। परियोजना के अर्न्तगत यहां 200 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभी तक 8 क्लस्टरों का निर्माण किया जा चुका है।

राजस्व मंत्री ने कहा कि हर महीने के आखिरी दिनों में लगने वाली राजस्व अदालतों के माध्यम से राजस्व मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जा रहा है। राजस्व कानून में संशोधन करके निशानदेही, तकसीम आदि के मामलों के निपटारे को समयबद्ध किया गया है। निश्चित समय में तकसीम या निशानदेही का निपटारा न होने पर तहसीलदार से लेकर जिला के डीसी तक कार्यवाही की जाएगी। 

उनकी सालाना एसीआर में इसको दर्ज किया जाएगा और उनकी पदोन्नति के दौरान इस बात को ध्यान में रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त कोई भी अधिकारी चाहे किसी भी विभाग का हो उसकी पूरी जानकारी दें, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी। 

उन्होंने कहा कि उपलब्धियों के नाम पर केन्द्र सरकार द्वारा लगातार झूठ फैलाया जा रहा है। भाजपा के 10 साल के शासन में देश काफी पिछड़ गया है। भुखमरी में पाकिस्तान, नेपाल और बंग्लादेश से पीछे हैं। 80 करोड़ लोग मुफ्त राशन लेने पर मजबूर हैं। कुछ उद्योगपतियों की ही तरक्की की जा रही है और बाकि देशवासियों को कंगाल बनाया जा रहा है।

जगत सिंह नेगी ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा केन्द्र सरकार में मंत्री हैं और यह हिमाचल के लिए गर्व की बात है। लेकिन जब वह हिमाचल आते हैं तो उनका मूड ही बदल जाता है। शायद वह चाहते हैं कि हिमाचल में विकास न हो। कहते हैं कि केन्द्र मदद न करे तो हिमाचल की सरकार गिर जाएगी। उनसे उन्हें यह उम्मीद नहीं थी। 

हिमाचल भी बाकी प्रदेशों की तरह भारत का अभिन्न अंग है। विभिन्न करों से मिलने वाले हिस्से पर हमारा भी उतना ही अधिकार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कठिनाइयों के बावजूद सभी वायदों को पूरा कर रही है। दो साल में हजारों सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow