जुन्गा साधुपुल की दो एचआरटीसी बसें बंद, ग्रामीणों में रोष, किसानों, मरीजों और विद्यार्थियों की बढ़ी मुश्किलें
शिमला से जुन्गा साधुपुल मार्ग पर संचालित हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की दो बस सेवाएं बंद होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बस सेवाएं बंद होने से किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों और दैनिक यात्रियों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है।
यंगवार्ता न्यूज शिमला, 02 जुलाई, 2026 :
जुन्गा पंचायत के प्रधान रामलाल, उपप्रधान ईश्वर दत्त, दुर्गा सिंह ठाकुर (खील कजेवड़ा), वार्ड सदस्य योगमाया शर्मा, मनोज कुमार, कमल शर्मा, पंकज सेन सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि शिमला यूनिट-2 की एक बस, जो प्रतिदिन दिन के समय जुन्गा साधुपुल मार्ग पर संचालित होती थी, पिछले लगभग छह माह से बंद है। वहीं दूसरी बस सेवा, जो शाम के समय इस मार्ग पर चलती थी, उसे भी करीब एक सप्ताह पहले बंद कर दिया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि बस सेवाएं बंद होने से सबसे अधिक परेशानी किसानों को हो रही है, जिन्हें अपनी सब्जियां और अन्य कृषि उत्पाद समय पर मंडियों तक पहुंचाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा मरीजों को उपचार के लिए जुन्गा और शिमला आने-जाने में भी काफी दिक्कत हो रही है। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर बसें बंद होने से स्कूली विद्यार्थियों की परेशानी भी बढ़ गई है। कई बच्चों को प्रतिदिन 7 से 10 किलोमीटर तक पैदल चलकर जुन्गा पहुंचना पड़ रहा है, जिससे उनका काफी समय सफर में ही व्यतीत हो जाता है और पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने एचआरटीसी प्रबंधन और प्रदेश सरकार से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए दोनों बस सेवाओं को शीघ्र बहाल किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।
उधर, एचआरटीसी यूनिट-2 शिमला के क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि शाम के समय जुन्गा साधुपुल मार्ग पर चलने वाली बस सेवा टायर उपलब्ध न होने के कारण अस्थायी रूप से बंद की गई है। उन्होंने कहा कि नए टायर मिलते ही इस सेवा को दोबारा शुरू कर दिया जाएगा। वहीं दिन के समय संचालित बस सेवा लगातार घाटे में चलने के कारण बंद की गई है।
What's Your Reaction?




