वन्य प्राणी सप्ताह पर जुंगा स्कूल में पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित
वन्य प्राणी सप्ताह के उपलक्ष्य में सोमवार को राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुन्गा में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन वन खंड विभाग जुन्गा के सौजन्य से किया गया। इसमें विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया । प्रतियोगिता में मीनाक्षी ने प्रथम, साक्षी ने द्वितीय तथा महक ने तृतीय स्थान हासिल किया।
यंगवार्ता न्यूज - शिमला 5 अक्तूबर :
वन्य प्राणी सप्ताह के उपलक्ष्य में सोमवार को राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुन्गा में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन वन खंड विभाग जुन्गा के सौजन्य से किया गया। इसमें विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया । प्रतियोगिता में मीनाक्षी ने प्रथम, साक्षी ने द्वितीय तथा महक ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के वन्य प्राणियों, जंगलों, प्राकृतिक पर्यावरण, जैव विविधता तथा मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व से संबंधित चित्र बनाए। विद्यार्थियों ने रंगों और चित्रों के माध्यम से यह दर्शाने का प्रयास किया कि वन्यजीव और प्राकृतिक संसाधन पर्यावरणीय संतुलन के लिए कितने महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य महेश शर्मा ने की। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि वन्य प्राणियों और प्रकृति का संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने चित्रकला में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को वन विभाग की ओर से पुरस्कृत किया ।
इस अवसर पर वन खंड अधिकारी वीना कश्यप, फॉरेस्ट गार्ड कुशल शर्मा और मानसी शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। वन विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को वन्य प्राणियों के संरक्षण, जैव विविधता, जंगलों की सुरक्षा और पर्यावरण संतुलन के महत्व के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को जंगलों में आग की घटनाओं को रोकने, वन्य प्राणियों को नुकसान न पहुंचाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया गया। शिक्षकों और वन विभाग के कर्मचारियों ने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण का संदेश अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।
What's Your Reaction?


