बरसात में फील्ड में तैनात कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द, अधिकारी भी उतरेंगे मैदान में

मानसून के दौरान किसी भी आपदा से त्वरित ढंग से निपटने के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। लोक निर्माण विभाग में फील्ड में तैनात कर्मचारियों की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी गई हैं। साथ ही विभागीय अधिकारियों को भी फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं

Jul 1, 2026 - 20:07
 0  4
बरसात में फील्ड में तैनात कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द, अधिकारी भी उतरेंगे मैदान में

यंगवार्ता न्यूज शिमला 1 जुलाई, 2026 :

मानसून के दौरान किसी भी आपदा से त्वरित ढंग से निपटने के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। लोक निर्माण विभाग में फील्ड में तैनात कर्मचारियों की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी गई हैं। साथ ही विभागीय अधिकारियों को भी फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सड़कें बंद होने, भूस्खलन और अन्य आपात परिस्थितियों में राहत एवं बहाली कार्यों में किसी तरह की देरी न हो। प्रदेश सरकार लोक निर्माण विभाग के चारों जोन के मुख्य अभियंताओं के साथ बराबर संपर्क बनाए हुए हैं। 
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि लगातार इन इंजीनियरों के साथ बैठकें कर रहे हैं। इसमें सड़कों को सुचारु रखने, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई, मशीनरी की उपलब्धता और आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर चर्चा की जा रही है। जिला और मंडल स्तर पर की गई तैयारियों की रिपोर्ट भी ली जा रही है। सरकार का फोकस इस बार पिछले वर्ष जैसी स्थिति से बचने पर है। बीते मानसून में भारी बारिश, बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं से प्रदेश में व्यापक तबाही हुई थी। सैकड़ों सड़कें बंद हो गई थीं, पुल और संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हुए थे तथा कई क्षेत्रों में लोगों को लंबे समय तक आवाजाही और आवश्यक सेवाओं में दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। इसी अनुभव को देखते हुए इस बार पहले से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

यातायात बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग निजी एजेंसियों से जेसीबी, पोकलेन, डोजर और अन्य भारी मशीनरी हायर करेगा। संवेदनशील और भूस्खलन संभावित स्थानों पर मशीनों की पहले से तैनाती सुनिश्चित की जा रही है, ताकि सड़क बंद होने की स्थिति में तत्काल मलबा हटाकर यातायात बहाल किया जा सके। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मानसून के दौरान सभी फील्ड अधिकारी और कर्मचारी मुख्यालय से संपर्क में रहेंगे और किसी भी आपात सूचना पर तुरंत मौके के लिए रवाना होंगे। जिला प्रशासन, पुलिस, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभागों के साथ भी बेहतर समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति तैयार की गई है। बारिश के दौरान जनजीवन पर कम से कम असर पड़े और किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बहाली कार्य तेजी से पूरे किए जा सकें।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow