शिक्षा और समग्र विकास का आदर्श मॉडल बन रही हरोली : मुकेश अग्निहोत्री
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे और जनकल्याण के क्षेत्र में समग्र विकास के आदर्श मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक समय क्षेत्र में उच्च शिक्षा के अवसर सीमित थे, लेकिन आज हरोली प्रदेश के उभरते शैक्षणिक केंद्र के रूप में अपनी अलग पहचान बना रहा है।
यंगवार्ता न्यूज हरोली (ऊना), 11 जुलाई :
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे और जनकल्याण के क्षेत्र में समग्र विकास के आदर्श मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक समय क्षेत्र में उच्च शिक्षा के अवसर सीमित थे, लेकिन आज हरोली प्रदेश के उभरते शैक्षणिक केंद्र के रूप में अपनी अलग पहचान बना रहा है।
प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय, हरोली के नवनिर्मित शैक्षणिक भवन के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हरोली में शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। वर्तमान में यहां तीन सरकारी महाविद्यालय, 33 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, दो आईटीआई, केंद्रीय विद्यालय, ट्रिपल आईटी, नर्सिंग कॉलेज तथा लॉ कॉलेज संचालित हैं। आयुर्वेदिक महाविद्यालय की स्थापना की दिशा में भी कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि हरोली, दुलैहड़ और बाथड़ी के विद्यालयों को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है, जिससे क्षेत्र का शिक्षा मॉडल पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा बन रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली में सब-जज कोर्ट की स्थापना को स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही इसे स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू होगी। इससे क्षेत्रवासियों को न्यायिक सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को भी निरंतर सुदृढ़ किया जा रहा है। हरोली अस्पताल की क्षमता 50 से बढ़ाकर 100 बिस्तर की गई है, जिसके लिए लगभग नौ करोड़ रुपये की लागत से अतिरिक्त भवन का निर्माण होगा। इस भवन का शिलान्यास सोमवार को किया जाएगा।उन्होंने बताया कि आईना परियोजना के तहत लगभग 5.50 करोड़ रुपये की लागत से पूरे विधानसभा क्षेत्र को सीसीटीवी निगरानी प्रणाली से जोड़ा गया है। शीघ्र ही हरोली बस डिपो जनता को समर्पित किया जाएगा तथा हरोली से प्रदेश और देश के विभिन्न गंतव्यों के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा भी आरंभ की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली की पहचान आज उसके विकास कार्यों से है। उन्होंने कहा कि भाजपा के स्थानीय नेता इन परियोजनाओं पर सवाल उठाते रहे और इनके पूरा होने पर संदेह जताते रहे। भाजपा के सत्ता में रहने के दौरान भी हरोली के विकास में कोई नई ईंट नहीं जुड़ी।लेकिन हमने जो संकल्प जनता से किए, उन्हें एक-एक कर धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति के साथ विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहा है और यह विकास यात्रा आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं पर लगभग एक हजार करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। घर-घर और हर खेत तक पानी पहुंचाने के लिए व्यापक कार्य किए गए हैं। इसके अतिरिक्त लगभग 140 करोड़ रुपये की लागत से 14 पुलों का निर्माण प्रगति पर है। 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ट्रैफिक पार्क जनता को समर्पित किया जा चुका है। रोड़ा में 10 करोड़ रुपये की लागत से एथलेटिक ट्रैक, 5.50 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन तथा 22 करोड़ रुपये की लागत से हेलिपोर्ट परियोजना पर कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि हरोली मेला मैदान का विकास 10 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव रणजीत राणा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देश राज गौतम, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, जिला परिषद सदस्य केवल सिंह, सुलिंद्र कौर एवं ज्योति बाला, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन ठाकुर, जिला कांग्रेस लीगल सेल के अध्यक्ष वीरेंद्र मानकोटिया, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत राय, हिमकैप्स संस्था के अध्यक्ष विक्रमजीत सिंह, कांग्रेस नेता अशोक ठाकुर, हरोली के पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद बिट्टू, कांग्रेस नेता प्रमोद कुमार, धर्म सिंह चौधरी, जसपाल जस्सा, मेहताब ठाकुर, सतीश बिट्टू और सुभद्रा चौधरी सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि एवं कांग्रेस पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वही,प्रशासन की ओर से उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार, मुख्य वास्तुकार (चीफ आर्किटेक्ट) राजीव शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता देवानंद, अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) बलदेव, जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता नरेश धीमान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी समारोह में मौजूद रहे।
What's Your Reaction?


