आठ सौ साल पुराने सिद्ध मठ ठौड़ निवाड़ में तीन दिवसीय ऐतिहासिक मेले का आगाज
सिरमौर जिले के राजगढ़ विकास खंड में स्थित करीब आठ सौ वर्ष पुराने प्रसिद्ध सिद्ध मठ ठौड़ निवाड़ में तीन दिवसीय ऐतिहासिक मेले का शुभारंभ हो गया है। गुरु इतवार नाथ गिरी की तपोभूमि के रूप में प्रसिद्ध इस सिद्ध स्थल पर सदियों पुरानी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं आज भी पूरी श्रद्धा के साथ निभाई जा रही हैं। मठ की सबसे बड़ी विशेषता यहां आठ शताब्दियों से निरंतर प्रज्वलित अखंड धूना है, जो श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र बना हुआ है। मेले का आगाज हवन-यज्ञ, पूजा-अर्चना और भव्य समाधि यात्रा के साथ हुआ, जिसमें सिरमौर के साथ शिमला जिले के बलसन क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
यंगवार्ता न्यूज - राजगढ़ 12 नवंबर :
सिरमौर जिले के राजगढ़ विकास खंड में स्थित करीब आठ सौ वर्ष पुराने प्रसिद्ध सिद्ध मठ ठौड़ निवाड़ में तीन दिवसीय ऐतिहासिक मेले का शुभारंभ हो गया है। गुरु इतवार नाथ गिरी की तपोभूमि के रूप में प्रसिद्ध इस सिद्ध स्थल पर सदियों पुरानी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं आज भी पूरी श्रद्धा के साथ निभाई जा रही हैं। मठ की सबसे बड़ी विशेषता यहां आठ शताब्दियों से निरंतर प्रज्वलित अखंड धूना है, जो श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र बना हुआ है। मेले का आगाज हवन-यज्ञ, पूजा-अर्चना और भव्य समाधि यात्रा के साथ हुआ, जिसमें सिरमौर के साथ शिमला जिले के बलसन क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
राजगढ़ क्षेत्र की प्राचीन धार्मिक विरासत और समृद्ध देव परंपराओं के प्रतीक सिद्ध मठ ठौड़ निवाड़ में तीन दिवसीय मेले के शुभारंभ पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। हवन-यज्ञ और विधिवत पूजा-अर्चना के बाद मठ परिसर से गुरु इतवार नाथ गिरी के समाधि स्थल तक भव्य समाधि यात्रा निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालु गुरु जी के जयकारे लगाते हुए समाधि स्थल पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। परंपरा के अनुसार पवित्र झंडा चढ़ाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने गुरु इतवार नाथ जी द्वारा लगाए गए सैकड़ों वर्ष पुराने वट वृक्ष की पूजा-अर्चना भी की। आयोजन के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
इस सिद्ध मठ की सबसे बड़ी विशेषता यहां स्थापित पवित्र धूना है, जिसके बारे में मान्यता है कि यह पिछले करीब आठ सौ वर्षों से लगातार प्रज्वलित है। जूना अखाड़ा परंपरा से जुड़े इस सिद्ध स्थल को गुरु इतवार नाथ गिरी की तपोभूमि माना जाता है।
मठ समिति के सदस्य विजय भारद्वाज के अनुसार, इस स्थान से कई ऐसी ऐतिहासिक और धार्मिक मान्यताएं जुड़ी हैं, जो पीढ़ी-दर-पीढ़ी श्रद्धालुओं की आस्था का आधार बनी हुई हैं।
इस सिद्ध स्थल से जुड़ी कई रोचक धार्मिक मान्यताएं भी प्रचलित हैं। स्थानीय मान्यता के अनुसार, प्राचीन समय में इस क्षेत्र में पानी की कमी थी। ऐसे में गुरु इतवार नाथ जी ने अपनी तपस्या के दौरान भूमि पर चिमटा मारकर जलधारा प्रकट की थी। कहा जाता है कि यह जलधारा आज भी निरंतर बह रही है और स्थानीय लोगों की प्यास बुझा रही है।
इसी तरह मान्यता है कि उस समय पूरा क्षेत्र वनस्पति विहीन था। गुरु जी ने एक सूखी लकड़ी को भूमि में गाड़ दिया था, जिसमें कुछ समय बाद कोंपलें फूटने लगीं। आज उसी स्थान पर विशाल वट वृक्ष खड़ा है और आसपास का क्षेत्र हरियाली से आच्छादित है।
श्रद्धालु यहां पहुंचकर अखंड धूने की भस्म का तिलक लगाते हैं और इसे प्रसाद तथा आशीर्वाद के रूप में अपने घर भी ले जाते हैं। इस मौका पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
मठ में आने वाले श्रद्धालु गुरु जी के चरणों में मक्की, अखरोट, चावल और गेहूं सहित पारंपरिक अन्न की भेंट अर्पित करते हैं। कई परिवार अपने बच्चों का मुंडन संस्कार भी इसी सिद्ध स्थल पर करवाते हैं। यही वजह है कि यह मठ केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान का भी महत्वपूर्ण हिस्सा बना हुआ है।
तीन दिवसीय मेले के दौरान धार्मिक आयोजनों के साथ खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक संध्याएं भी आयोजित की जा रही हैं। स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से हिमाचल की लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक पेश करेंगे।
मेले के समापन दिवस पर विशाल दंगल का आयोजन मुख्य आकर्षण रहेगा, जिसमें विभिन्न प्रसिद्ध अखाड़ों के नामी पहलवान अपनी कुश्ती के दांव-पेच दिखाएंगे। इसके अतिरिक्त मेले में सजने वाला अस्थायी बाजार भी स्थानीय लोगों के लिए विशेष आकर्षण है। यहां दैनिक उपयोग की वस्तुएं उपलब्ध होने से आसपास के ग्रामीणों को खरीदारी की सुविधा मिलती है और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलता है।
कुल मिलाकर ठौड़ निवाड़ का यह ऐतिहासिक मेला केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की आठ सौ वर्षों से चली आ रही आध्यात्मिक विरासत, लोक संस्कृति और सामाजिक एकता का जीवंत उदाहरण है। आधुनिकता के दौर में भी यहां की प्राचीन परंपराओं का उसी श्रद्धा और उत्साह के साथ निर्वहन होना इस सिद्ध स्थल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता को दर्शाता है।
What's Your Reaction?
