आईआईएम सिरमौर के छात्र की मौत पर उठे सवाल, अंतिम संस्कार के बाद परिजनों ने मांगी निष्पक्ष जांच
आईआईएम सिरमौर के छात्र प्रारब्ध शुक्ला की मौत के बाद शनिवार को पांवटा साहिब के स्वर्ग धाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार से पहले सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
आईआईएम सिरमौर के छात्र प्रारब्ध शुक्ला की मौत के बाद शनिवार को पांवटा साहिब के स्वर्ग धाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार से पहले सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
अंतिम संस्कार के बाद परिजनों ने छात्र की मौत को लेकर संस्थान की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच करवाने की मांग की है, ताकि यह सामने आ सके कि प्रारब्ध किन परिस्थितियों से गुजर रहा था और उसकी मौत से पहले संस्थान की ओर से क्या कदम उठाए गए।
प्रारब्ध के पिता अनुपम शुक्ला और चाचा श्याम शुक्ला ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से प्रारब्ध परिवार के लोगों के फोन का जवाब नहीं दे रहा था। जब लगातार संपर्क नहीं हो पाया तो शुक्रवार को उन्होंने हॉस्टल वार्डन से संपर्क किया। इसी दौरान उन्हें घटना की जानकारी मिली। परिजनों का कहना है कि संस्थान की ओर से उन्हें पहले सूचना मिलती तो संभव है कि समय रहते कोई मदद की जा सकती थी।
परिजनों के अनुसार, प्रारब्ध ने वर्ष 2024 में आईआईएम सिरमौर में दाखिला लिया था और उस समय वह पूरी तरह स्वस्थ था। परिवार का आरोप है कि बाद में संस्थान में छात्रों और कुछ स्टाफ के व्यवहार को लेकर वह परेशान रहने लगा था। उन्होंने दावा किया कि प्रारब्ध ने इस संबंध में प्रबंधन के समक्ष अपनी शिकायत भी रखी थी, लेकिन उन्हें अपेक्षित समाधान नहीं मिला।
परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि प्रारब्ध मानसिक दबाव से गुजर रहा था। पिता अनुपम शुक्ला के मुताबिक, पोस्टमार्टम के बाद उन्हें यह जानकारी मिली कि मौत से करीब दो दिन पहले प्रारब्ध ने कथित तौर पर चाकू से अपने हाथ पर चोट की थी। इस जानकारी के सामने आने के बाद परिवार ने संस्थान की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
परिजनों ने सवाल किया कि यदि प्रारब्ध की मानसिक स्थिति को लेकर कोई परेशानी थी तो हॉस्टल में उसकी स्थिति पर नजर क्यों नहीं रखी गई। उन्होंने यह भी पूछा कि जब वह परीक्षा देने नहीं पहुंचा तो संस्थान की ओर से तत्काल उसके कमरे या हॉस्टल में जाकर जानकारी लेने की कोशिश क्यों नहीं की गई। परिवार का कहना है कि इन सभी पहलुओं की जांच होना जरूरी है।
परिजनों ने कहा कि वे इस मामले को प्रधानमंत्री कार्यालय तक भी पहुंचाएंगे और चाहते हैं कि घटना की निष्पक्ष जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी या सक्षम स्तर से करवाई जाए। उनका कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्र की मौत के पीछे वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं और कहीं किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं हुई।
उधर, आईआईएम सिरमौर के निदेशक डॉ. प्रफुल्ल अग्निहोत्री ने कहा कि संस्थान ने अपना एक छात्र खोया है और इस दुख की घड़ी में प्रबंधन परिवार के साथ है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान यदि किसी व्यक्ति की लापरवाही या गलती सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अब सभी की नजर जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर है। रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही छात्र की मौत से जुड़े कई सवालों के जवाब स्पष्ट हो पाएंगे।
What's Your Reaction?


