ईसीसीई कार्यक्रम के तहत एसडीएम ने किया डीएवी और सरस्वती पैराडाइज स्कूल का निरीक्षण
प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा कार्यक्रम(ईसीसीई ) के तहत एसडीएम ग्रामीण शिमला कार्तिकेय शर्मा ने मंगलवार को अधिकारियों की टीम के साथ शिमला स्थित डीएवी स्कूल और सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्तर के बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्कूलों में उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसडीएम कार्तिक शर्मा ने कहा कि प्रारंभिक बाल्यावस्था बच्चों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास की महत्वपूर्ण अवस्था होती है। इस आयु में बच्चों को केवल किताबी शिक्षा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें खेल, रचनात्मक गतिविधियों, आपसी संवाद और व्यवहारिक अनुभवों के माध्यम से सीखने के अवसर भी उपलब्ध करवाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छोटे बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और बाल हितैषी वातावरण प्रदान करना है, ताकि उनका समुचित विकास सुनिश्चित हो सके। इसके अंतर्गत बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल, सुरक्षित शौचालय, प्राथमिक स्वास्थ्य सहायता, खेल आधारित शिक्षण तथा उनकी आयु के अनुरूप शैक्षणिक गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि बच्चों की देखभाल, स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जाए तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से ही प्रारंभिक स्तर पर बच्चों को बेहतर वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाई जा सकती है।
निरीक्षण के दौरान सीडीपीओ इंदु शर्मा, बीएम मशोबरा डॉ. राकेश गोयल, ग्रामीण विकास और शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
