उपायुक्त ने नशे के खिलाफ लोगों को दिलवाई शपथ , दो दिवसीय समर फेस्टिवल नारकंडा का भव्य आगाज

दो दिवसीय समर फेस्टिवल नारकंडा-2026 का शुभारंभ शनिवार को उत्साह, उमंग और पारंपरिक संस्कृति के रंगों के बीच हुआ। उद्घाटन समारोह में उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर समर फेस्टिवल 2026 का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने उपस्थित जनसमूह को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाते हुए समाज को चिट्टा मुक्त बनाने का आह्वान किया

Jun 28, 2026 - 18:54
 0  3
उपायुक्त ने नशे के खिलाफ लोगों को दिलवाई शपथ , दो दिवसीय समर फेस्टिवल नारकंडा का भव्य आगाज
 
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला  28-06-2026
दो दिवसीय समर फेस्टिवल नारकंडा-2026 का शुभारंभ शनिवार को उत्साह, उमंग और पारंपरिक संस्कृति के रंगों के बीच हुआ। उद्घाटन समारोह में उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर समर फेस्टिवल 2026 का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने उपस्थित जनसमूह को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाते हुए समाज को चिट्टा मुक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे तथा युवाओं को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करे। 
 
 
 
 
उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध जनभागीदारी ही इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि हिमाचल प्रदेश में मेले और उत्सव हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों के जीवंत प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन न केवल सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि समर फेस्टिवल जैसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों, लोक गायकों, नृत्य दलों तथा युवा प्रतिभाओं को अपनी कला और हुनर का प्रदर्शन करने के लिए सशक्त मंच मिलता है। इससे स्थानीय संस्कृति को संरक्षण मिलने के साथ-साथ कलाकारों को आगे बढ़ने का अवसर भी प्राप्त होता है। 
 
 
 
 
 
उन्होंने कहा कि नारकंडा अपनी प्राकृतिक सुंदरता, सेब उत्पादन और पर्यटन की दृष्टि से प्रदेश का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन यहां आने वाले पर्यटकों को हिमाचल की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता से परिचित कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजनकर्ताओं और स्थानीय लोगों को बधाई संदेश दिए। इस अवसर पर नगर पंचायत नारकंडा की अध्यक्ष शशि कैंथला ने मुख्यातिथि का पारंपरिक हिमाचली शॉल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। वहीं व्यापार मंडल नारकंडा के अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा ने भी उपायुक्त को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow