यंगवार्ता न्यूज मंडी, 6 जुलाई, 2026 :
जिला प्रशासन मंडी द्वारा नशामुक्ति अभियान के तहत एक अभिनव पहल करते हुए एंटी चिट्टा जागरूकता 7-ए-साइड फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है जिसका शुभारंभ आज सोमवार को अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार ने यहां पड्डल मैदान में किया।
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य खेलों के माध्यम से युवाओं में सकारात्मक दृष्टिकोण पैदा कर उन्हें नशे के विरुद्ध जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। प्रतियोगिता में लड़कों और लड़कियों की कुल 12 टीमें भाग ले रही हैं।
इस अवसर पर एडीएम डॉ. मदन कुमार ने सभी खिलाड़ियों को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा नशामुक्ति पर तैयार शपथ दिलाई। उन्होंने खिलाड़ियों से स्वयं, अपने परिवार और समाज को नशामुक्त रखने तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लेने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशानुसार पूरे प्रदेश सहित मंडी जिला में भी एंटी चिट्टा मुहिम के तहत नशामुक्ति की दिशा में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि युवा खेलों से जुड़कर न केवल अपने मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बना सकते हैं, बल्कि समाज को नशे जैसी गंभीर समस्या से मुक्त करवाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और नशे के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाने में सक्रिय रूप से सहयोगी बनने का आग्रह भी किया।
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में आज खेलो इंडिया और डीएफई मंडी की टीमों के बीच मैच खेला गया। प्रतियोगिता 6 से 10 जुलाई, 2026 तक प्रतिदिन सायं 4.00 बजे से 7.00 बजे तक पड्डल मैदान में आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर तहसील कल्याण अधिकारी चंदन गुलेरिया, जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष लीला विलास, विक्रम विष्ट, कमल किशोर, अक्षित सेन तथा प्रदीप भारद्वाज सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं खेल प्रेमी भी उपस्थित रहे।