नाहन 12 मई, 2026 :
थाना माजरा क्षेत्र के अंतर्गत कोलर गांव में पुरानी रंजिश के चलते घर पर बनी दुकान में घुसकर लाठी-तलवार से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस थाना माजरा ने शिकायत पर तीन नामजद सहित 5-6 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह अभियोग विशाल कुंडलस पुत्र राजिंद्र सिंह, निवासी गांव व डा0 कोलर, तह0 पांवटा साहिब, जिला सिरमौर के बयान पर पंजीकृत किया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार दिनांक 09-05-2026 को एक डंफर चालक द्वारा उसके घर के पास उसके पिता के साथ बहसबाजी हुई थी। इसी रंजिश के चलते दिनांक 11-05-2026 को रात जब वह व उसका चचेरा भाई प्रवीण घर पर बनी दुकान में बैठे थे, तभी एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में 5-6 लोग आए। सभी हमलावरों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। आरोपियों ने दुकान के अंदर घुसकर लाठियों व तलवार से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जब शिकायतकर्ता के पिता मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया।
वारदात को अंजाम देकर सभी आरोपी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठकर नाहन की ओर फरार हो गए। शिकायतकर्ता ने बताया कि हमलावरों में से तीन के नाम दीपक, रमन व विक्की पता चले हैं। पुलिस ने त्वरित कार्वाही करते हुए इस हमले में एक आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया है व हमला में प्रयोग की गई स्कॉर्पियों गाडी को भी बरामद कर लिया है तथा अन्य की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। असामाजिक तत्वों के लिये सिरमौर पुलिस का सख्त संदेश है कि सिरमौर में असामाजिक तत्वों के लिये कोई स्थान नहीं है जिनके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही के लिये कृत संकल्प है।