शिमला, 24 नवंबर
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज नावर क्षेत्र के प्रवास के दौरान विभिन्न निर्माणाधीन विकासात्मक कार्यों का निरीक्षण किया तथा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। कुठाड़ी में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत लगभग 850 करोड़ रुपए के विकास कार्य प्रगति पर हैं, जिनका क्षेत्रवासियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सड़कें विकास की भाग्य रेखाएं हैं। नावर क्षेत्र में बागवानी और पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए सड़क सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण विशेष महत्व रखता है। इसी दिशा में विधानसभा क्षेत्र में अब तक 209 सड़कों की सफल पासिंग की गई है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि नावर क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत में करोड़ों रुपए के विकास कार्य चल रहे हैं। विधानसभा की सभी पंचायतों में समान दृष्टिकोण से विकास कार्य किए जा रहे हैं तथा आगामी एक वर्ष के भीतर महत्वपूर्ण कार्यों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
*7.60 करोड़ से निर्माणाधीन उमलाडवार-गाहलून-कड़ीवन संपर्क सड़क का किया निरीक्षण*
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने नाबार्ड के अंतर्गत निर्माणाधीन उमलाडवार-गाहलून-कड़ीवन संपर्क सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सड़क का निर्माण लगभग 7 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है, जिसका करीब 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने गाहलून क्षेत्र के लोगों को पेयजल योजना के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया।
*8.62 करोड़ से बनने वाली टुटूपानी-नालावन संपर्क सड़क का किया भूमि पूजन*
शिक्षा मंत्री ने टुटूपानी-नालावन संपर्क सड़क का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि इस सड़क की लंबे समय से मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है। सड़क का निर्माण लगभग 8 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से किया जाएगा। इससे क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी तथा बागवानी और अन्य गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
*विपरीत आर्थिक परिस्थितियों में भी विकास की गति बरकरार*
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कठिन आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है और आत्मनिर्भर हिमाचल के लक्ष्य की दिशा में प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि डॉ. वाई एस परमार के समय से प्रदेश को मिलने वाली राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) को केंद्र सरकार ने बंद कर दिया है। इसके अलावा जीएसटी क्षतिपूर्ति समाप्त करने, ऋण सीमा घटाने तथा अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सहायता में कटौती से प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर असर पड़ा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने किशाऊ बांध, बीबीएमबी और वाइल्डफ्लावर हॉल होटल से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। इन फैसलों से प्रदेश के राजस्व में वृद्धि होगी तथा आत्मनिर्भर हिमाचल की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।
*कुठाड़ी में स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र भवनों का किया निरीक्षण*
शिक्षा मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुठाड़ी तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुठाड़ी के निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि स्कूल भवन का निर्माण 3 करोड़ 52 लाख रुपए की लागत से किया जा रहा है, जिसका लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण 1 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से किया जा रहा है ।
उन्होंने अधिकारियों को दोनों भवनों का निर्माण मई 2027 तक पूरा करने तथा निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। इन भवनों के तैयार होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को बेहतर शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
*शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश की उल्लेखनीय उपलब्धियां*
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में हिमाचल प्रदेश 05वें स्थान पर तथा परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स में 21वें स्थान से तीसरे स्थान पर पहुंचा है। प्रदेश ने शत प्रतिशत साक्षरता दर हासिल की है। इसके अलावा, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 147 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध करने का निर्णय लिया गया है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, बीडीसी अध्यक्ष ज्ञानपति, पंचायत प्रधान संदीप सांजटा, नीतू बाला, पूर्व जिला परिषद सदस्य हुक्म चंद, उपप्रधान पिंकू, ओंकार सुनटा, रेवती देवी, लोकपाल शरकोली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।