2 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त 2026 को देशभर के युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ करेंगे। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा संचालित इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ, जिम्मेदार एवं नशा-मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

Aug 1, 2026 - 14:22
 0  7
2 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ

यंगवार्ता न्यूज - हमीरपुर, 1 अगस्त, 2026 :

माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त 2026 को देशभर के युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ करेंगे। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा संचालित इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ, जिम्मेदार एवं नशा-मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

यह अभियान प्रधानमंत्री के ‘नशा मुक्त भारत’ और ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। अभियान के शुभारंभ अवसर पर देशभर के लगभग 10,000 स्थानों से एक करोड़ से अधिक युवा वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे। इनमें MY Bharat एवं NSS स्वयंसेवक, युवा क्लबों के सदस्य, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी, गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि तथा 125 से अधिक सहयोगी संस्थाओं के सदस्य शामिल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागी ‘नशा मुक्ति शपथ’ ग्रहण करेंगे तथा समाज को नशा-मुक्त बनाने का संकल्प दोहराएंगे। इस अवसर पर 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार देशभर में सांस्कृतिक, खेल, फिटनेस, जागरूकता, माइंडफुलनेस एवं सामुदायिक सहभागिता से जुड़ी गतिविधियों का भी शुभारंभ किया जाएगा।

अभियान के अंतर्गत विभिन्न जिलों में लोकगीत, मूक अभिनय, शॉर्ट फिल्म/रील, पेंटिंग, वाद-विवाद एवं स्लोगन लेखन जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन जा रहा है ।जिला स्तर के विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त पदयात्रा, खेल एवं फिटनेस कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, जन-जागरूकता अभियान, विशेषज्ञों द्वारा परामर्श सत्र, ग्राम सभा आधारित ‘नशा मुक्त संकल्प सभाएं’, सोशल मीडिया जागरूकता अभियान तथा अभिभावकों के लिए संवेदनशीलता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

साथ ही, MY Bharat पोर्टल पर ई-प्लेज (e-Pledge) अभियान भी संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से नागरिक, विशेषकर युवा, नशा-मुक्त भारत के निर्माण के लिए अपना संकल्प दर्ज कर सकते हैं।

यह राष्ट्रव्यापी अभियान 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में आयोजित प्रस्तावित राष्ट्रीय नशा मुक्ति युवा सम्मेलन के साथ सम्पन्न होगा, जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।

जिला युवा अधिकारी, दीपमाला ठाकुर माय भारत, हमीरपुर ने बताया की हमीरपुर जिले में यह कार्यक्रम एन आई टी हमीरपुर में किया जाएगा जहाँ से युवा प्रधानमंत्री जी के साथ जुड़ेंगे ।साथ ही जिले के सभी युवाओं, स्वयंसेवकों, शैक्षणिक संस्थानों, युवा क्लबों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे इस जन-आंदोलन का सक्रिय हिस्सा बनें तथा नशा-मुक्त और विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow