पांवटा साहिब में ऑल्टो कार से 176 नशीले कैप्सूल बरामद, एक गिरफ्तार
पांवटा साहिब पुलिस की डिटेक्शन सेल टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 176 स्पास्मो (SPASMO) कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, डिटेक्शन सेल पांवटा साहिब की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान चुंगी नंबर-06 के समीप होटल रॉक स्टार के पास पुलिस टीम ने एक संदिग्ध सफेद रंग की ऑल्टो K10 कार (HP17B-7450) को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि चालक ने पुलिस को देखकर वाहन भगाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोक लिया और चालक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 176 स्पास्मो कैप्सूल बरामद किए गए। आरोपी की पहचान चरणजीत सिंह निवासी हरिपुर टोहाणा तहसील पांवटा साहिब जिला सिरमौर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना पांवटा साहिब में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद कैप्सूल कहां से लाए गए थे और इन्हें आगे कहां सप्लाई किया जाना था।
What's Your Reaction?

