पच्छाद में पुरानी रंजिश और पानी के विवाद में चले कुल्हाड़ी और दराटी, क्रॉस FIR दर्ज
सिरमौर जिला के थाना पच्छाद के तहत आने वाले खलोग गांव में पानी की पाइप को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस खूनी संघर्ष में दोनों ओर से धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिससे कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है।
नाहन 29 अप्रैल, 2026 :
गांव खलोग निवासी सालिग राम ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि 27 अप्रैल की रात को प्रवीन कुमार (निवासी धारोट बडयाणा) पुरानी रंजिश के चलते नशे की हालत में कुल्हाड़ी और चाकू लेकर उसके घर में घुस आया। आरोपी ने अवैध रूप से घर में प्रवेश कर सालिग राम पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ घर में घुसकर हमला करने की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
वहीं, दूसरे पक्ष से बडयाणा निवासी बाबू राम ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह शाम के समय पानी की पाइपलाइन जोड़ने और टंकी की सफाई के लिए खलोग की ओर गया था। वापसी में जब उसने खलोग में एक खुला नलका देखा और उसे पाइप में लगाने की कोशिश की, तो सालिग राम और उसकी पत्नी ने पीछे से कुल्हाड़ी व दराटी से उस पर हमला कर दिया। इस हमले में बाबू राम लहूलुहान हो गया।
पच्छाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
What's Your Reaction?


