नाहन में 11.85 ग्राम चिट्टा के साथ दो युवक गिरफ्तार, तीन दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी
जिला सिरमौर में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना नाहन के अंतर्गत डिटेक्शन सेल की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 11.85 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।
यंगवार्ता न्यूज नाहन, 4 जुलाई, 2026 :
जिला सिरमौर में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना नाहन के अंतर्गत डिटेक्शन सेल की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 11.85 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को डिटेक्शन सेल नाहन की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि नाहन के रहने वाले दो युवक रमन और विलक्षण एक बलेनो कार (HP71-5999) में कालाआम्ब की ओर से नाहन की तरफ चिट्टा की खेप लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी के दौरान कार में सवार दोनों युवकों के कब्जे से 11.85 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमन लाल उम्र 32 वर्ष निवासी गांव एवं डाकघर सुरला, तहसील नाहन तथा विलक्षण सिंह उम्र 23 वर्ष निवासी यशवंत विहार कॉलोनी, नाहन के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस थाना नाहन में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
What's Your Reaction?