भारी बारिश के बीच पुलिस-होमगार्ड का साहसिक रेस्क्यू, नदी में फंसे 25 लोगों की बचाई जान
जिला सिरमौर के नाहन क्षेत्र में मंगलवार को भारी बारिश के चलते कटासन के समीप जलमूषा खड्ड में अचानक जलस्तर बढ़ने से चार गुर्जर परिवारों के करीब 25 लोग नदी के बीच फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, होमगार्ड, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
यंगवार्ता न्यूज - नाहन, 4 अगस्त, 2026 :
जिला सिरमौर के नाहन क्षेत्र में मंगलवार को भारी बारिश के चलते कटासन के समीप जलमूषा खड्ड में अचानक जलस्तर बढ़ने से चार गुर्जर परिवारों के करीब 25 लोग नदी के बीच फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, होमगार्ड, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार भूपेन्द्र कुमार ने थाना सदर नाहन में सूचना दी कि जलमूषा खड्ड में अचानक आए तेज बहाव के कारण चार गुर्जर परिवारों के सदस्य नदी के बीच फंस गए हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अपने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बचाव कार्य में फायर ब्रिगेड की टीम, तहसीलदार पांवटा साहिब तथा बेहतर समन्वय के लिए एनडीआरएफ (NDRF) को भी मौके पर बुलाकर स्टैंडबाय पर रखा गया।
पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने करीब तीन घंटे तक कठिन परिस्थितियों में लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया। जलस्तर में थोड़ी कमी आते ही जवानों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए नदी में फंसे सभी 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बचाए गए लोगों में 6 माह की मासूम बच्ची से लेकर 45 वर्ष तक के महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। राहत की बात यह रही कि इस पूरे अभियान में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रशासन ने बताया कि सभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है और क्षेत्र की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लगातार हो रही बारिश के दौरान नदी-नालों और खड्डों के आसपास जाने से बचें तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें।
What's Your Reaction?

