विकास खंड शिलाई में कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
सिरमौर जिला में चल रहे विशेष प्रचार अभियान में फोक मीडिया कार्यक्रमों के माध्यम से आज विकास खंड शिलाई की पंचायत अजरौली तथा शखोली में विभागीय अनुमोदित दल आरूषी ग्रामीण संस्थान ने गीतों व नाटक के माध्यम से लोगों को प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाआंे, नितीयों विशेषकर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी।
कलाकारों ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के माध्यम से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों को जिनके पास कच्चा मकान है या मकान नही है उन्हें नए मकान बनाने के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये की राशि प्रदान कर रही है। योजना की विस्तृत जानकारी व आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत ऐसे पात्र व्यक्ति को लाभ दिया जाता है जिनकी वार्षिक आय 50 हजार से अधिक ना हो तथा उसके नाम कम से कम 2 बिस्वा भूमि हो। इसके लिए आवेदन निर्धारित प्रपत्र पर तहसील कल्याण अधिकारी अथवा जिला कल्याण अधिकारी को आय प्रमाण-पत्र, जाति तथा हिमाचली प्रमाण पत्र, जमीन की जमाबंदी और पंचायत सचिव द्वारा जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र लगाना होगा।
कार्यक्रम में नाटक की प्रस्तुति द्वारा हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम के अन्तर्गत चल रही स्वरोजगार योजना में 10 हजार रुपये की अनुदान राशि सहित 50 हजार रुपये का ऋण देने, हस्तशिल्प विकास योजना, ब्याज मुक्त शिक्षा ऋण योजना में तकनीकी विषयों एवं व्यवसायों में पढाई करने के लिए 75 हजार तक का ऋण बिना ब्याज पर तथा 75 हजार से 01 लाख, 50 हजार का मात्र 4 प्रतिशत पर दिया जा रहा है। इस दौरान लोगों को नशे के प्रति भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पंचायत प्रधान अजरौली अभय धामटा, उप प्रधान कल्याण शर्मा, पूर्व प्रधान अमर सिंह, वार्ड सदस्य मनोज जींटा, महिला मंडल प्रधान सरजु देवी तथा प्रधान शखोली कौशल्या देवी, महिला मंडल प्रधान रेखा देवी, वार्ड सदस्य ज्ञान प्रकाश, सिलाई अध्यापिका वीना देवी सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?


