नाहन में सड़क सुरक्षा और साइबर जागरूकता पर मंथन, स्पीड ब्रेकर लगाने व ट्रैफिक सुधार पर बनी सहमति
पुलिस अधीक्षक कार्यालय नाहन के सम्मेलन कक्ष में गुरुवार को उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) जिला सिरमौर की अध्यक्षता में मासिक सड़क सुरक्षा बैठक एवं साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में रोड सेफ्टी क्लब नाहन के सदस्यों और यातायात पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
यंगवार्ता न्यूज - नाहन, 6 अगस्त :
पुलिस अधीक्षक कार्यालय नाहन के सम्मेलन कक्ष में गुरुवार को उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) जिला सिरमौर की अध्यक्षता में मासिक सड़क सुरक्षा बैठक एवं साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में रोड सेफ्टी क्लब नाहन के सदस्यों और यातायात पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में नाहन शहर में सड़क सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने तथा यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान प्रस्तावित रोड सेफ्टी रिंग रोड, नाहन परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई और इसके शीघ्र एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया।
सड़क सुरक्षा को लेकर लिए गए अहम निर्णय
बैठक में दोपहिया वाहनों की तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने के लिए शहर के संवेदनशील स्थानों पर स्पीड ब्रेकर स्थापित करने पर सहमति बनी। वहीं, बस स्टैंड से गुन्नूघाट और दिल्ली गेट तक निजी बसों की धीमी गति से लगने वाले जाम को लेकर भी चर्चा हुई। इस संबंध में निजी बस ऑपरेटर यूनियन को यातायात बाधित न करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा शहर की पार्किंग व्यवस्था में सुधार, व्यस्त क्षेत्रों में जाम की समस्या कम करने तथा यातायात को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए भी कई सुझावों पर सहमति बनी।
साइबर अपराधों से बचाव के लिए किया जागरूक
बैठक के बाद साइबर कमांडो कांस्टेबल प्रदीप कुमार ने उपस्थित नागरिकों को साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग और अन्य साइबर धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और भारत सरकार द्वारा उपलब्ध साइबर सुरक्षा सेवाओं का प्रभावी उपयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को संचार साथी (Sanchar Saathi) पोर्टल की विभिन्न सेवाओं की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि चक्षु (Chakshu) सुविधा के माध्यम से संदिग्ध कॉल, फर्जी एसएमएस, व्हाट्सएप संदेश और अन्य साइबर धोखाधड़ी की ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है। वहीं CEIR पोर्टल के जरिए खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन को IMEI नंबर के आधार पर ब्लॉक, ट्रेस और पुनः अनब्लॉक करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
इसके अलावा TAF-COP सेवा के माध्यम से अपने नाम पर जारी सभी मोबाइल कनेक्शनों की जानकारी प्राप्त करने तथा अनधिकृत नंबरों की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया बताई गई। KYM (Know Your Mobile) सुविधा के जरिए मोबाइल हैंडसेट की वैधता और IMEI की स्थिति जांचने की जानकारी भी साझा की गई।
व्हाट्सएप सुरक्षा और 1930 हेल्पलाइन पर दिया जोर
साइबर विशेषज्ञों ने नागरिकों को व्हाट्सएप में Two-Step Verification अनिवार्य रूप से सक्षम करने, प्रोफाइल और ग्रुप प्राइवेसी को "My Contacts" तक सीमित रखने तथा किसी भी अज्ञात लिंक, APK फाइल या QR कोड से सावधान रहने की सलाह दी। साथ ही ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक खाता, डेबिट-क्रेडिट कार्ड और पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की अपील की।
कार्यक्रम में Money Refund Module (MRM) की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाए और समय रहते राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या National Cyber Crime Reporting Portal पर शिकायत दर्ज कर दे, तो धोखाधड़ी की गई राशि को होल्ड कर धनवापसी की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। प्रतिभागियों को ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस ने नागरिकों से डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय सतर्क रहने, किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक, ऑनलाइन ऑफर या क्यूआर कोड के झांसे में न आने तथा समय-समय पर अपने मोबाइल और सोशल मीडिया खातों की सुरक्षा एवं प्राइवेसी सेटिंग्स की समीक्षा करने की अपील की। बैठक का समापन सड़क सुरक्षा उपायों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा नाहन में सुरक्षित यातायात और साइबर जागरूकता को बढ़ावा देने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
What's Your Reaction?


