कज़ाख़स्तान में आईटीआई प्रशिक्षुओं से बोले सीएम सुक्खू, अंतरराष्ट्रीय अनुभव बनेगा बेहतर रोजगार की मजबूत नींव
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी तथा कज़ाख़स्तान के एक्सपोज़र विज़िट पर गए 30 आईटीआई प्रशिक्षुओं से टेलीफोन पर संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षुओं के अनुभवों की जानकारी ली और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
यंगवार्ता न्यूज - शिमला 17 जुलाई, 2026 :
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी तथा कज़ाख़स्तान के एक्सपोज़र विज़िट पर गए 30 आईटीआई प्रशिक्षुओं से टेलीफोन पर संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षुओं के अनुभवों की जानकारी ली और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कज़ाख़स्तान का यह अंतरराष्ट्रीय एक्सपोज़र विज़िट प्रशिक्षुओं के लिए एक महत्वपूर्ण सीख साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस दौरे के माध्यम से युवाओं को आधुनिक तकनीक, वैश्विक कार्य संस्कृति और उद्योगों में अपनाई जा रही नवीनतम कार्य प्रणालियों को करीब से समझने का अवसर मिला है।
ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि व्यावहारिक कौशल और अंतरराष्ट्रीय अनुभव का यह समन्वय प्रशिक्षुओं के व्यक्तित्व और पेशेवर क्षमता को नई दिशा देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस अनुभव से प्रशिक्षुओं के लिए देश और विदेश में बेहतर रोजगार के अवसर खुलेंगे तथा वे अपने कौशल के दम पर नई पहचान बनाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार तकनीकी शिक्षा को रोजगारोन्मुख बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। युवाओं को वैश्विक स्तर की तकनीकी जानकारी और कौशल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रखे जाएंगे, ताकि प्रदेश के युवा बदलती तकनीक और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें।
What's Your Reaction?