हिमाचल की पुकार — खत्म करो कांग्रेस की लूट, झूठ और भ्रष्टाचार : सौदान सिंह

भारतीय जनता पार्टी मंडी द्वारा मंडी स्थित विपाशा सदन में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, विधायक अनिल शर्मा, विधायक इंद्र सिंह गांधी, विधायक पूर्ण चंद तथा पूर्व महापौर वीरेंद्र भट्ट सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

May 9, 2026 - 16:41
 0  5
हिमाचल की पुकार — खत्म करो कांग्रेस की लूट, झूठ और भ्रष्टाचार : सौदान सिंह
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media

मंडी 9 मई 2026 : 

भारतीय जनता पार्टी मंडी द्वारा मंडी स्थित विपाशा सदन में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, विधायक अनिल शर्मा, विधायक इंद्र सिंह गांधी, विधायक पूर्ण चंद तथा पूर्व महापौर वीरेंद्र भट्ट सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री सौदान सिंह ने कहा कि आज पूरे हिमाचल प्रदेश की पुकार है — “कांग्रेस की लूट, झूठ और भ्रष्टाचार खत्म करो।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार हिमाचल प्रदेश के इतिहास की सबसे निकम्मी और भ्रष्ट सरकार साबित हुई है। अपने लगभग साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और प्रदेश को आर्थिक संकट, प्रशासनिक अव्यवस्था तथा विकासहीनता की ओर धकेल दिया गया है।


सौदान सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही हिमाचल को आर्थिक दिवालियापन की कगार पर पहुंचा दिया। प्रदेश की आर्थिक स्थिति आज इतिहास के सबसे गंभीर संकट में है और कुल कर्ज 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 तक पिछले लगभग 30 वर्षों में प्रदेश पर 70 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था, लेकिन कांग्रेस सरकार ने केवल साढ़े तीन वर्षों में ही 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक का नया कर्ज ले लिया। आज हिमाचल का प्रत्येक नागरिक औसतन 1 लाख 40 हजार रुपये के कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है।


उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार विकास कार्यों के लिए धन नहीं होने की बात करती है, जबकि अपने मित्रों और करीबी लोगों की शानो-शौकत पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। प्रदेश में सड़कें टूटी पड़ी हैं, अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं, शिक्षण संस्थानों में शिक्षक नहीं हैं और विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं। भाजपा सरकार के समय शुरू की गई सैकड़ों परियोजनाओं को या तो बंद कर दिया गया है या उनकी गति धीमी कर दी गई है।


सौदान सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं को भी समाप्त करने का काम किया। हिमकेयर, सहारा और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के तहत अस्पतालों के करोड़ों रुपये लंबित पड़े हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं। सामाजिक सुरक्षा पेंशन 6-6 महीने की देरी से मिल रही है, जिससे लाखों गरीब, बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग परेशान हैं। गृहिणी सुविधा योजना, शगुन योजना, स्वावलंबन योजना और कन्यादान योजना जैसी महिला हितैषी योजनाओं को बंद कर कांग्रेस सरकार ने अपना महिला विरोधी चेहरा उजागर किया है।


उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों में झूठी गारंटियों के माध्यम से प्रदेश की भोली-भाली जनता को ठगने का काम किया। महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने का वादा आज तक पूरा नहीं हुआ। युवाओं को पांच लाख नौकरियों का सपना दिखाया गया, लेकिन रोजगार देने के बजाय हजारों पद समाप्त कर दिए गए। प्रदेश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और हजारों पद खाली होने के बावजूद सरकार उन्हें भरने को तैयार नहीं है।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि साढ़े तीन साल का कांग्रेस शासन पूरी तरह जनविरोधी रहा है। कांग्रेस सरकार ने एचआरटीसी किराये, पानी के बिलों, डिपो राशन, स्टांप ड्यूटी, सीमेंट और एंट्री टैक्स के माध्यम से जनता पर भारी आर्थिक बोझ डालकर गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है।


डॉ. बिंदल ने कहा कि शांत हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के दौरान गैंगवार, हत्या, लूट, फिरौती और माफियाराज जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। सरकार और अधिकारी केवल एक-दूसरे पर दोषारोपण करते रहे, जबकि प्रदेश की जनता असुरक्षा और अव्यवस्था का सामना करती रही।


उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जिन झूठी गारंटियों के आधार पर सत्ता में आई थी, वही गारंटियां आज प्रदेश की जनता के दिलों में पीड़ा बन चुकी हैं। 28 लाख महिलाएं 42 महीनों से 1500 रुपये प्रतिमाह की प्रतीक्षा कर रही हैं। पांच लाख युवा रोजगार और सरकारी नौकरियों के इंतजार में आंदोलन करने को मजबूर हैं। किसान, बागवान, कर्मचारी, व्यापारी और सेवानिवृत्त कर्मचारी सभी कांग्रेस सरकार की नीतियों से परेशान हैं।


डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने साढ़े तीन वर्षों में लगभग 1500 से अधिक संस्थानों पर ताले लगा दिए हैं। स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, पटवार सर्कल और अन्य जनसेवा संस्थानों को लगातार बंद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं स्वीकार कर चुके हैं कि सरकार के पास विकास के लिए धन नहीं है। ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।


उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने ग्राम पंचायतों, बीडीसी, जिला परिषदों, नगर परिषदों और नगर निगमों के खातों से धन निकालकर प्रदेश सरकार के खाते में डाल दिया, जिससे स्थानीय स्तर पर विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए। यह जनता के साथ सीधा विश्वासघात है।


भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस सरकार की सच्चाई समझ चुकी है और आने वाले पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस को करारा जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। भाजपा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक जाकर कांग्रेस सरकार की विफलताओं और झूठी गारंटियों की सच्चाई जनता तक पहुंचाएं और भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को विजयी बनाएं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow