शिलाई में गोलीकांड के बाद अब हथियारबंद लोगों द्वारा पीछा किए जाने के आरोप, प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सरकार की चुप्पी चिंताजनक : बलदेव सिंह तोमर
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक शिलाई बलदेव सिंह तोमर ने रुद्र सेना के अध्यक्ष श्री राकेश उत्तराखंडी द्वारा पांवटा साहिब से शिलाई आते-जाते समय एक संदिग्ध सफेद फॉर्च्यूनर गाड़ी द्वारा पीछा किए जाने के लगाए गए आरोपों पर कड़ी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में हाल के दिनों में सामने आई घटनाएं प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन को अब इन सवालों का जवाब देना चाहिए।
यंगवार्ता न्यूज - शिलाई 19 नवंबर :
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक शिलाई बलदेव सिंह तोमर ने रुद्र सेना के अध्यक्ष श्री राकेश उत्तराखंडी द्वारा पांवटा साहिब से शिलाई आते-जाते समय एक संदिग्ध सफेद फॉर्च्यूनर गाड़ी द्वारा पीछा किए जाने के लगाए गए आरोपों पर कड़ी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में हाल के दिनों में सामने आई घटनाएं प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन को अब इन सवालों का जवाब देना चाहिए।
बलदेव सिंह तोमर ने कहा कि कुछ ही दिन पहले शिलाई क्षेत्र में 55 वर्षीय खजान सिंह की गोली लगने से दर्दनाक मौत हुई थी। इस मामले में पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो जांच की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। लेकिन यह घटना अपने पीछे कई गंभीर सवाल छोड़ गई है कि क्षेत्र में अवैध हथियारों और गोलीबारी जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण क्यों नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने कहा कि अब रुद्र सेना अध्यक्ष राकेश उत्तराखंडी ने आरोप लगाया है कि 18 नवंबर को पांवटा साहिब से शिलाई जाते समय एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर गाड़ी लगातार उनका पीछा करती रही। उनके अनुसार शिलाई से वापस लौटते समय भी यही गाड़ी उनके पीछे रही। उनके चालक और अंगरक्षक ने भी इस गतिविधि को देखा। सतौन में जब उनकी टीम उनका इंतजार कर रही थी, तब भी कथित तौर पर वही वाहन कुछ दूरी पर आकर रुका। सबसे गंभीर आरोप यह है कि गाड़ी में हथियारबंद लोग मौजूद थे।
तोमर ने कहा कि इस मामले में वाहन की नंबर प्लेट HP 15B 4932 को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। राकेश उत्तराखंडी के अनुसार यह नंबर मारुति सुजुकी स्विफ्ट गाड़ी का है, जबकि पीछा करने वाला वाहन फॉर्च्यूनर बताया गया है। यदि जांच में यह आरोप सही साबित होता है तो यह फर्जी नंबर प्लेट के इस्तेमाल और वाहन की पहचान छिपाने का गंभीर मामला होगा।
उन्होंने प्रदेश सरकार से सवाल किया कि आखिर शिलाई विधानसभा क्षेत्र में ऐसी परिस्थितियां क्यों बन रही हैं? पहले एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत और अब एक सामाजिक संगठन के अध्यक्ष द्वारा हथियारबंद लोगों के साथ संदिग्ध वाहन से पीछा किए जाने का आरोप—क्या ये घटनाएं सरकार और पुलिस प्रशासन के लिए पर्याप्त चेतावनी नहीं हैं?
क्या प्रदेश सरकार किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रही है?
बलदेव सिंह तोमर ने कहा कि शिलाई क्षेत्र की पहचान हमेशा शांति, भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और आपसी विश्वास की रही है। आज क्षेत्र के लोगों के मन में सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी है कि लोगों के मन से भय दूर करे, न कि उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित छोड़ दे। कानून का राज केवल सरकारी बयानों से नहीं, बल्कि धरातल पर प्रभावी कार्रवाई से स्थापित होता है।
उन्होंने सिरमौर पुलिस एवं जिला प्रशासन से मांग की कि राकेश उत्तराखंडी द्वारा लगाए गए आरोपों की तत्काल निष्पक्ष जांच की जाए। संदिग्ध फॉर्च्यूनर वाहन, उसकी नंबर प्लेट, वास्तविक पंजीकरण और उसमें सवार व्यक्तियों की पहचान की जाए। सतौन, पांवटा साहिब और शिलाई मार्ग के उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएं। यदि वाहन में हथियार मौजूद थे, तो उनकी वैधता और लाइसेंस की भी जांच की जाए। जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई हो।
तोमर ने कहा कि प्रदेश सरकार को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि शिलाई और सिरमौर जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध हथियारों, संदिग्ध वाहनों और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। केवल जांच का आश्वासन देना पर्याप्त नहीं है। जनता को सुरक्षा का भरोसा चाहिए और प्रशासन को अपनी जवाबदेही निभानी होगी।
शिलाई की शांति और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। प्रदेश सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। जनता को जवाब चाहिए, सुरक्षा चाहिए और कानून का राज चाहिए।
What's Your Reaction?


