पांवटा साहिब कॉलेज की महिला हॉकी टीम बनी चैंपियन, ओवरऑल ट्रॉफी पर भी जमाया कब्जा
श्री गुरु गोबिंद सिंह जी राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब की महिला हॉकी टीम ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) की अंतर महाविद्यालय हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला वर्ग का खिताब जीत लिया। इसके साथ ही टीम ने ओवरऑल ट्रॉफी पर भी कब्जा जमाकर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं, महाविद्यालय की पुरुष हॉकी टीम ने भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में उपविजेता का स्थान हासिल किया।
यंग वार्ता न्यूज, पांवटा साहिब, 12 अक्टूबर :
श्री गुरु गोबिंद सिंह जी राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब की महिला हॉकी टीम ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) की अंतर महाविद्यालय हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला वर्ग का खिताब जीत लिया। इसके साथ ही टीम ने ओवरऑल ट्रॉफी पर भी कब्जा जमाकर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं, महाविद्यालय की पुरुष हॉकी टीम ने भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में उपविजेता का स्थान हासिल किया।
इस उपलब्धि पर सोमवार को महाविद्यालय परिसर में दोनों टीमों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश चौहान और स्टाफ सदस्यों ने खिलाड़ियों को उनकी शानदार सफलता के लिए बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. जगदीश चौहान ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, लगन, अनुशासन और खेल भावना ने इस उपलब्धि को संभव बनाया है। उन्होंने महिला टीम की चैंपियनशिप जीत और पुरुष टीम के उपविजेता रहने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है।
प्राचार्य ने शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रभारी प्रो. जफर अली को भी विशेष रूप से बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रो. जफर अली के कुशल मार्गदर्शन, निरंतर प्रयासों और खिलाड़ियों के प्रति समर्पण से महाविद्यालय खेलों के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। ऐसी सफलताएं अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती हैं। इस मौके पर प्रो. जसवंत सैनी, प्रो. विम्मी रानी, प्रो. स्वामी नाथ, प्रो. रिंकू अग्रवाल, प्रो. डी.एस. तोमर, प्रो. संजीव कुमार और प्रो. नीलम सहित महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों और शारीरिक शिक्षा विभाग को इस उल्लेखनीय सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
महिला हॉकी टीम द्वारा चैंपियनशिप के साथ ओवरऑल ट्रॉफी जीतना और पुरुष टीम का उपविजेता बनना महाविद्यालय की खेल उपलब्धियों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। महाविद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी भविष्य में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन कर संस्थान और क्षेत्र का गौरव बढ़ाते रहेंगे।
What's Your Reaction?


