राज्यसभा चुनाव के बहाने जयराम ठाकुर का सीएम सुक्खू पर निशाना, बोले - उम्मीदवार देते तो सो नहीं पाते सीएम
शिमला में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राज्य सरकार पर तीखा तंज किया. जयराम ठाकुर ने कहा कि राजसभा चुनाव के बहाने मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि CM गनीमत माने कि भाजपा ने उम्मीदवार नहीं दिया
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 09-03-2026
शिमला में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राज्य सरकार पर तीखा तंज किया. जयराम ठाकुर ने कहा कि राजसभा चुनाव के बहाने मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि CM गनीमत माने कि भाजपा ने उम्मीदवार नहीं दिया. उम्मीदवार दिया होता तो मुख्यमंत्री चैन से सो नहीं पाते. जयराम ठाकुर ने कहा कि CM सुक्खू इन दिनों काफी उत्साहित हैं, राज्यसभा में उनके एक नए मित्र का एडमिशन हुआ है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास बहुमत होने के बावजूद सरकार एक बड़े डर और अस्थिरता के माहौल से गुजर रही है और मुख्यमंत्री समेत कांग्रेस के कई नेता आशंकित नजर आ रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्यसभा सीट के लिए कई नेता दिल्ली और शिमला तक दौड़ लगाते रहे, लेकिन मुख्यमंत्री सभी को झूठे आश्वासन देते रहे कि उनके बारे में बात चल रही है, जबकि वास्तव में केवल उनके मित्रों के नाम पर ही विचार हो रहा था।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा की पीड़ा भी सामने आई, जिन्होंने कहा कि सच बोलने की कीमत चुकानी पड़ी और उन्होंने आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री की राजनीतिक यात्रा में आनंद शर्मा और पंडित सुखराम जैसे नेताओं का बड़ा योगदान रहा, लेकिन सत्ता में आने के बाद सुक्खू ने उन्हीं लोगों को किनारे लगा दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार वास्तव में मित्रमंडल चला रहा है और वही तय करता है कि प्रदेश को कैसे चलाना है और किसे ठिकाने लगाना है. उन्होंने कहा कि राज्यसभा के लिए जिस व्यक्ति को टिकट दिया गया उसे साधारण कार्यकर्ता बताया गया, लेकिन संपत्ति के ब्यौरे में करीब 23 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति सामने आई और मौजूदा सरकार में उनके पास कई बड़े ठेके भी हैं।
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि दिल्ली से शिमला आने का टूर प्रोग्राम जारी होता है लेकिन मुख्यमंत्री कहीं अज्ञातवास में चले जाते हैं, जो एक संवैधानिक पद के लिहाज से हैरान करने वाली बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पूर्व मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई की बात करते हैं, लेकिन अगर भ्रष्टाचार हुआ है तो कार्रवाई करने से उन्हें किसने रोका है।
जयराम ठाकुर ने सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में अवैध पेड़ कटान का मुद्दा उठाया. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 पेड़ों को काटने की अनुमति थी लेकिन 300 से अधिक पेड़ काट दिए गए। उन्होंने मुख्यमंत्री के उस बयान को भी विचित्र बताया जिसमें कहा गया कि जहां पैदल जाने का रास्ता नहीं है वहां पेड़ कैसे काटे जा सकते हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि क्या मुख्यमंत्री की हिम्मत है कि वह एक मंत्री के करीबी व्यक्ति रणजीत नेगी के खिलाफ कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि मंडी में भी इसी तरह का मामला सामने आया था जिसमें कई पेड़ों की अवैध कटाई हुई और अब यह मामला हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में विचाराधीन है।
कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि ऊना में गोलीकांड हुआ, एक युवक को सरेआम गोली मारी गई और सिर पर तलवारें चलीं, जबकि नालागढ़ में भी गोलियां चलीं और बिलासपुर में पांच साल की बच्ची के साथ दरिंदगी की घटना सामने आई, जो बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले से ही हिमाचल ऑन सेल होने की बात कहती रही है और अब वैसा ही माहौल फिर दिखाई दे रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पर्यटन निगम के 23 होटलों को बेचने की बात थी और अब इसमें 8 और होटल शामिल कर दिए गए हैं। अंत में जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश के हितों से सरकार को कोई सरोकार नहीं है और केवल सत्ता में बने रहना ही उनका लक्ष्य दिखाई देता है।
What's Your Reaction?



