युद्ध भड़काने की अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान,जवाबी कार्रवाई के लिए भारतीय सेना भी तैयार 

भारत ने कहा है कि पाकिस्तान युद्ध भड़काने की अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है और उसने शुक्रवार रात तथा शनिवार तड़के भी पश्चिमी क्षेत्र पर ड्रोन, लंबी दूरी के हथियारों, युद्धक हथियारों और लड़ाकू विमानों से लगातार हमले कर 26 से अधिक स्थानों पर हवाई मार्ग से घुसपैठ की कोशिश

May 10, 2025 - 16:54
May 10, 2025 - 16:55
 0  57
युद्ध भड़काने की अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान,जवाबी कार्रवाई के लिए भारतीय सेना भी तैयार 
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media

न्यूज़ एजेंसी - नई दिल्ली    10-05-2025

भारत ने कहा है कि पाकिस्तान युद्ध भड़काने की अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है और उसने शुक्रवार रात तथा शनिवार तड़के भी पश्चिमी क्षेत्र पर ड्रोन, लंबी दूरी के हथियारों, युद्धक हथियारों और लड़ाकू विमानों से लगातार हमले कर 26 से अधिक स्थानों पर हवाई मार्ग से घुसपैठ की कोशिश की जिसे भारतीय सशस्त्र सेनाओं ने नाकाम कर जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों पर जोरदार हमले किये जिनमें दुश्मन को भारी नुकसान हुआ। 

भारत ने यह भी कहा है कि पाकिस्तानी सेना के सैनिकों को अग्रिम मोर्चों की ओर कूच करते देखा गया है जो युद्ध को भड़काने वाली कार्रवाई है। उसने कहा है कि पाकिस्तान अभी भी भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों और उपकरणों को नुकसान पहुंचाने की भ्रामक जानकारी दे रहा है साथ ही वह भारत में सांप्रदायिक तनाव भड़काने की नापाक कोशिश भी कर रहा है।

विदेश सचिव विक्रम मिस्री, कर्नल सौफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने शनिवार सुबह यहां एक विशेष ब्रीफिंग में संवाददाताओं को ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी। कर्नल कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तानी सेना पश्चिमी सीमाओं पर लगातार हमले कर रही है। पाकिस्तान ने भारत के सैन्य ठिकानों पर हमला करने के लिए ड्रोन, लंबी दूरी के हथियार, युद्धक हथियार और लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया हालांकि भारत ने इन कोशिशों को नाकाम कर दिया। 

उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेनाओं ने 26 से अधिक जगहों पर हवाई मार्ग से घुसपैठ करने की कोशिश की। इन असफल हमलों में उधमपुर, भुज, पठानकोट, बठिंडा में वायुसेना के बेस पर कुछ उपकरणों और कर्मियों को नुकसान पहुंचाया। सैन्य अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान ने पंजाब के वायुसेना बेस को निशाना बनाने के लिए बीती रात करीब एक बजकर 40 मिनट पर हाई-स्पीड मिसाइलों का इस्तेमाल किया। 

भारत ने इन हमलों को सफल नहीं होने दिया। पाकिस्तानी सेनाओं ने स्वास्थ्य सुविधाओं और स्कूलों पर भी हमला किया। विंग कमांडर सिंह ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान की इन नापाक हरकतों का जवाब देते हुए त्वरित और सुनियोजित हमले कर चिन्हित सैन्य लक्ष्यों पर सटीक निशाना लगाया। उन्होंने कहा कि भारत की सैन्य कार्रवाई में पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान पहुंचा है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow