ज्वालाजी मंदिर में लंगर सेवाकर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक ट्रक पलटा,हादसे में करीब 10 श्रद्धालु घायल
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के देहरा-ज्वालामुखी सड़क पर गुरुवार को दोपहर बाद करीब साढ़े चार बजे एक बड़ा हादसा हुआ। नवरात्र के दौरान ज्वालाजी मंदिर में लंगर सेवाकर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक ट्रक गांव धवाला के पास तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट ग
यंगवार्ता न्यूज़ - कांगड़ा 26-03-2026
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के देहरा-ज्वालामुखी सड़क पर गुरुवार को दोपहर बाद करीब साढ़े चार बजे एक बड़ा हादसा हुआ। नवरात्र के दौरान ज्वालाजी मंदिर में लंगर सेवाकर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक ट्रक गांव धवाला के पास तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में करीब 10 श्रद्धालु घायल हो गए हैं। इनमें से दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ट्रक में सवार सभी श्रद्धालु पंजाब के जिला मुक्तसर के मलोट गांव के निवासी हैं।
ये श्रद्धालु करीब एक सप्ताह पहले ज्वालाजी मंदिर में लंगर सेवा के लिए पहुंचे थे और नवमी के दिन लंगर सेवा समाप्त करके वापस अपने घर लौट रहे थे। ट्रक में लगभग 25-30 लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धवाला के एक खतरनाक मोड़ पर सामने से तेजरफ्तार वाहन आने पर ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया।
इससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सड़क पर ही पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस, पुलिस वाहनों और स्थानीय लोगों की मदद से सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
एक मामूली घायल श्रद्धालु अश्वनी कुमार ने बताया कि वे सभी श्रद्धाभाव से लंगर सेवा के लिए आए थे और वापसी के दौरान यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि अचानक ब्रेक लगने से ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।
एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। राहत कार्य तुरंत शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। क्षेत्र में यातायात को सुचारु रूप से बहाल कर दिया गया है।
What's Your Reaction?




