पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम ने कहा कि हर दो मिनट में एक विमान यहां से उड़ान भरेगा
न्यूज़ एजेंसी - नोएडा 29-03-2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम ने कहा कि हर दो मिनट में एक विमान यहां से उड़ान भरेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पहले की सरकारें हवाई यात्रा की सुविधा को सिर्फ अमीरों के लिए मानती थीं, जबकि मौजूदा सरकार ने इसे गरीबों के लिए भी सुलभ कर दिया है।
बता दें कि यह अभी देश का सबसे बड़ा और एशिया का दूसरा सबसे बड़ा एयरपोर्ट है। चार चरण पूरे होने पर एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट हो जाएगा। श्री मोदी ने रिमोट का बटन दबाकर हवाई अड्डे के टर्मिनल बिल्डिंग के साथ कार्गो हब का भी उद्घाटन किया। उन्होंने यहां रखरखाव, मरम्मत और ओवरहॉलिंग (एमआरओ) सुविधा का शिलान्यास भी किया।
उद्घाटन से पहले मोदी ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का निरीक्षण किया। उनके साथ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी भी मौजूद थे। एयरपोर्ट के पहले चरण का काम पूरा हो गया है।
इसमें करीब 3300 एकड़ जमीन पर टर्मिनल और रनवे बनाए गए हैं। यह टर्मिनल हर साल लगभग 1.2 करोड़ यात्रियों को संभाल सकेगा। इस पूरे प्रोजेक्ट पर 11,200 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा देश की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजनाओं में से एक है। प्रारंभिक चरण में हवाई अड्डे की संचालन क्षमता 1.2 करोड़ यात्री प्रति वर्ष (एमपीपीए) है, जो हवाई अड्डे के पूर्ण विकसित होने तक सात करोड़ प्रति वर्ष तक हो जाएगी। यहां प्रति घंटा 30 विमान उतर सकेंगे और उड़ान भर सकेंगे।
नोएडा हवाई अड्डे का रनवे 3,900 मीटर लंबा है, जो बड़े आकार के विमानों के संचालन में सक्षम है। पीएम ने जनसभा को संबोधित करते हुए लोगों से इजरायल-अमरीका और ईरान की जंग से उपजे संकट से एकजुट होकर लडऩे की अपील की। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को सभी राज्यों के सीएम से चर्चा हुई। देशवासियों से कहूंगा कि धैर्य और एकजुटता के साथ इस संकट का सामना करें। ये पूरी दुनिया को परेशान करने वाला संकट है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के राजनीतिक दलों से कहना चाहता हूं कि संकट की घड़ी में ऐसी बातें करने से बचें, जो देश के लिए नुकसानदायक हैं। देश को नुकसान पहुंचाने वाली हरकतों को जनता कभी माफ नहीं करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पहले की सरकारें हवाई यात्रा की सुविधा को सिर्फ अमीरों के लिए मानती थीं, जबकि मौजूदा सरकार ने इसे गरीबों के लिए भी सुलभ कर दिया है।
What's Your Reaction?




