यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 18-02-2026
हिमाचल प्रदेश जिला सिरमौर के सतौन से शिक्षा में उत्कृष्टता को प्रोत्साहन देने हेतु प्रयास फाउंडेशन के प्रयास के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थी दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर चंडीगढ़ पहुँचे। प्रयास फाउंडेशन के संयोजक दिनेश सिंह चौहान ने बताया कि शैक्षणिक भ्रमण पर गये यात्रियों का पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ पहुंचने पर वाइस चांसलर , प्राध्यापकों तथा अधिकारियों की अगुवाई में फुल मालाओं से स्वागत किया गया। पंजाब विश्वविद्यालय परिसर में मेधावी विद्यार्थियों के साथ चाय पर चर्चा - परिचर्चा हुई। जिसमें मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय की कुलपति (वाइस चांसलर) प्रोफेसर (डॉ.) रेनू विग , डीएसडब्ल्यूओ महिला व पुरुष के अलावा दर्जनों प्राध्यापकों की उपस्थिति रही।
विशेष अतिथियों में एसडीएम निशांत तोमर , डॉ अमीचंद कमल , रमेश देसाई , अधिवक्ता गगनदीप जम्मू एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान कुलपति व एसडीएम निशांत तोमर ने सभी से अपने अनुभव साझा कर उनका मार्गदर्शन किया। उपस्थित प्राध्यापकों और विशिष्टजनो ने विधार्थियों से खूब परिचर्चा कर उन्हें भविष्य में आगे बढ़ने के मंत्र सांझा किये। सभी अतिथियों ने प्रयास फाउंडेशन और संयोजक दिनेश सिंह चौहान के द्वारा छात्र हित में की गई इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की सोच और कार्य क्षेत्र तथा छात्रों को आगे ले जाने का उपयुक्त माध्यम है। प्रयास फाउंडेशन के संयोजक दिनेश सिंह चौहान ने बल देकर कहा कि इस तरह की चर्चा- परिचर्चा अपने आप में एक अनोखा अनुभव है। इससे विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। ऐसी बातचीत हमें किसी काम को करने और सीखने में सक्षम बनाती है, जिससे उक्त क्षेत्र में टिकाऊ प्रथाओं के सफल एकीकरण की व्यावहारिक व वास्तविक जीवन स्थितियों को देखने का अवसर प्राप्त होता है।
सभी यात्रियों को विश्वविद्यालय के प्रसिद्ध स्टूडेंट्स सेंटर और विश्व स्तरीय लाइब्रेरी का भ्रमण करवाया गया। रात्रि भोजन के बाद सभी विद्यार्थियों और यात्रियों को चंडीगढ़ के एलांटे मॉल का भ्रमण करवाकर फिल्म दिखाई गई। बहुत से विद्यार्थियों ने पहली बार बड़े पर्दे पर कोई फिल्म देखी। बॉर्डर-2 फिल्म देखने के बाद सभी मेधावी देश प्रेम के भाव से ओत-प्रोत दिखे। सभी ने पूरे दिन की संपूर्ण गतिविधियों की प्रशंसा की। मेधावी विद्यार्थियों के साथ आए अध्यापकों ने प्रयास फाउंडेशन और संयोजक दिनेश सिंह चौहान की पीठ थपथपाते हुए कहा कि उनका यह प्रयास व आयोजन बहुत उच्च कोटि और विश्व स्तरीय है। इस शैक्षणिक भ्रमण से अवश्य ही मेधावी विद्यार्थियों तथा साथ आए लोगों का अनुभव बढ़ेगा और सभी लाभान्वित होंगे। उन्होंने बताया की शिक्षा में उत्कृष्टता को प्रोत्साहन देने के लिए प्रयास फाउंडेशन का यह प्रयास अति प्रशंसनीय है।