यंगवार्ता न्यूज शिमला 14 जुलाई, 2026 :
मेरा युवा भारत (MY Bharat) अभियान को जिला स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए माई भारत जिला समन्वय समिति की बैठक उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
इस बैठक में मेरा युवा भारत अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उपायुक्त ने इस मौके पर पंजीकरण अभियान की लांचिंग भी की। 15 अगस्त 2026 तक माई भारत वेबसाइट पर युवा पंजीकरण करवाकर इस अभियान का हिस्सा बन सकते हैं। इस अभियान के माध्यम से युवा नृत्य प्रतियोगिता, रील लघु फिल्म प्रतियोगिता, मौलिक संगीत प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता और स्लैम पोएट्री प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं। इसके अलावा विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट और यंग भारत यांग लीडर डायलॉग 2026 में प्रतिभागी बन सकते हैं।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि जिला में अधिक से अधिक युवाओं को इस अभियान के साथ जोड़ा जाएगा ताकि बच्चों और युवाओं को जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक मंच प्राप्त हो सके। यह अभियान युवाओं को केवल कार्यक्रमों में भाग लेने तक सीमित नहीं रखता, बल्कि उन्हें नेतृत्व क्षमता विकसित करने, टीम भावना को मजबूत बनाने, सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने तथा वास्तविक समस्याओं के समाधान में योगदान देने के लिए प्रेरित करता है। माई भारत के माध्यम से युवा अपने क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न परियोजनाओं और अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि माई भारत अभियान के माध्यम से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, नशा मुक्ति, स्वास्थ्य जागरूकता, फिट इंडिया, डिजिटल साक्षरता, स्वच्छता अभियान, आपदा प्रबंधन, रक्तदान, महिला सशक्तिकरण, मतदाता जागरूकता तथा सामाजिक समरसता जैसे विविध क्षेत्रों में स्वयंसेवी गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। युवाओं को देश के विभिन्न सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों तथा स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर जनहित के कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिलता है।
उपायुक्त ने माय भारत अभियान का हिस्सा रहे ओशिन शर्मा, दिव्यांशी, कनिष्क और तरुण शर्मा को अनुभव प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
*राष्ट्र में प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का लक्ष्य*
माई भारत अभियान के अंतर्गत समय-समय पर पौधारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान, एक पेड़ माँ के नाम, विकसित भारत युवा संवाद, फिट इंडिया मूवमेंट, संविधान जागरूकता कार्यक्रम, राष्ट्रीय युवा दिवस, सड़क सुरक्षा अभियान, जल संरक्षण अभियान, आपदा राहत गतिविधियां, रक्तदान शिविर तथा नशा मुक्त भारत अभियान जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व, नवाचार और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को प्रोत्साहित किया जाता है।
*माई भारत से कैसे जुड़ें*
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से माई भारत अभियान से जुड़ने के लिए इच्छुक युवा सबसे पहले MY Bharat के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के लिए मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, आधार अथवा अन्य पहचान संबंधी जानकारी तथा आवश्यक व्यक्तिगत विवरण भरना होता है। ओटीपी सत्यापन के बाद प्रोफाइल तैयार की जाती है।
प्रोफाइल बनने के बाद युवा अपनी रुचि, योग्यता और स्थान के अनुसार उपलब्ध स्वयंसेवी कार्यक्रमों, इंटर्नशिप, प्रशिक्षण, सामुदायिक सेवा गतिविधियों और सरकारी अभियानों का चयन कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन स्वीकृत होने पर संबंधित कार्यक्रम की सूचना पोर्टल एवं पंजीकृत मोबाइल नंबर या ई-मेल के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है। कई कार्यक्रमों में प्रतिभागियों को प्रशिक्षण, अनुभव प्रमाण-पत्र (Certificate) तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं को सम्मानित किए जाने का भी प्रावधान है।
*जिला समन्वय समिति के माध्यम से लागू होगा अभियान*
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat) अभियान को जिला स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए माई भारत जिला समन्वय समिति (कार्यकारी एवं समन्वय निकाय) का गठन किया गया है। यह समिति जिला युवा कार्यक्रम सलाहकार समिति के कार्यकारी एवं समन्वय निकाय के रूप में कार्य करेगी तथा विभिन्न विभागों और युवा संगठनों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करेगी।
समिति की बैठक प्रत्येक माह ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी। उप निदेशक, माई भारत समिति के मुख्य संयोजक एवं समन्वयक होंगे। समिति में जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी, माई भारत-एनएसएस, एनसीसी, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के प्रतिनिधियों के साथ जिला प्रशासन के शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, भाषा, महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभागों के अधिकारी सदस्य होंगे। आवश्यकता अनुसार अन्य संबंधित हितधारकों को भी समिति में शामिल किया जा सकेगा।
ये रहे मौजूद
सचिन शर्मा अतिरिक्त जिलाधीश,अनीता रोजगार अधिकारी, अलका सारटा सहायक प्रबंधक एलडीएम बैंक, सरोजना नरवाल जिला भाषा अधिकारी, हेमंत कुमार सचिव जिला रेड क्रॉस सोसायटी, लेख राज भारद्वाज उप निदेशक माध्यमिक शिक्षा, विपिन कुमार उप निदेशक मेरा युवा भारत अभियान शिमला, पूनम समन्वयक जिला NSS सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।