कांग्रेस ने 10 गारण्टी के नाम पर हिमाचल को छला: अनुराग सिंह ठाकुर
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर तथा पूर्व उद्योग मंत्री एवं जसवां-प्रागपुर के विधायक बिक्रम ठाकुर ने जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित युवा आक्रोश रैली के माध्यम से प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। रैली में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए चार वर्ष होने जा रहे हैं, लेकिन चुनावों के दौरान प्रदेश के युवाओं से किए गए वादों का आज तक कोई ठोस हिसाब नहीं दिया गया।
यंगवार्ता न्यूज - जसवां-प्रागपुर/ धर्मशाला 14 नवंबर :
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर तथा पूर्व उद्योग मंत्री एवं जसवां-प्रागपुर के विधायक बिक्रम ठाकुर ने जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित युवा आक्रोश रैली के माध्यम से प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। रैली में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए चार वर्ष होने जा रहे हैं, लेकिन चुनावों के दौरान प्रदेश के युवाओं से किए गए वादों का आज तक कोई ठोस हिसाब नहीं दिया गया। कांग्रेस ने सत्ता हासिल करने के लिए युवाओं को पांच लाख सरकारी नौकरियां देने की गारंटी दी थी, लेकिन आज युवा नौकरी के लिए भटक रहा है और सरकार अपनी गारंटी का जवाब देने से बच रही है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के समय युवाओं को बड़े-बड़े सपने दिखाए थे। पांच लाख सरकारी नौकरियों का वादा केवल चुनावी घोषणा नहीं था, बल्कि प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवाओं के भविष्य और उनके परिवारों की उम्मीदों से जुड़ा विषय था। आज चार साल के कार्यकाल में सरकार यह स्पष्ट करे कि पांच लाख नौकरियों में से कितनी नौकरियां दी गईं? कितने युवाओं को नियमित रोजगार मिला? कितने पदों पर भर्ती पूरी हुई और कितने पद आज भी खाली पड़े हैं? सरकार को यह भी बताना चाहिए कि शेष चार लाख से अधिक नौकरियों का क्या हुआ और युवाओं को उनका अधिकार कब मिलेगा?
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और स्टार्टअप के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए लगातार काम कर रही है। दूसरी ओर हिमाचल की कांग्रेस सरकार रोजगार के नाम पर केवल घोषणाएं और आश्वासन दे रही है। प्रदेश का युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में अपना कीमती समय और पैसा लगा रहा है, लेकिन भर्ती प्रक्रिया में देरी, अनिश्चितता और सरकार की नीतिगत विफलताओं के कारण उसका भविष्य अधर में लटका हुआ है। कांग्रेस को यह समझना होगा कि युवाओं को भाषण नहीं, रोजगार चाहिए और वादे नहीं, परिणाम चाहिए।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की दस गारंटियां आज प्रदेश की जनता के लिए सबसे बड़ा सवाल बन चुकी हैं। महिलाओं को 1500 रुपये देने, युवाओं को रोजगार देने, किसानों-बागवानों को राहत देने और जनता से किए गए अन्य वादों पर सरकार की चुप्पी उसकी कार्यशैली को उजागर करती है। चुनाव के समय हर घर तक गारंटी पहुंचाने वाली कांग्रेस आज जनता के सवालों से बचती फिर रही है। सत्ता में आने के बाद गारंटियों को पूरा करने की जिम्मेदारी भी सरकार की ही होती है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को बताना चाहिए कि आखिर इन गारंटियों को पूरा करने की समयसीमा क्या है?
उन्होंने कहा कि हिमाचल का युवा अब जाग चुका है। वह अपने भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ को समझ रहा है और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद कर रहा है। जसवां-प्रागपुर की यह युवा आक्रोश रैली प्रदेश की उस युवा शक्ति का प्रतीक है, जो कांग्रेस सरकार से अपने अधिकारों और वादों का हिसाब मांग रही है।
इस अवसर पर विधायक बिक्रम ठाकुर ने कहा कि जसवां-प्रागपुर का युवा आज कांग्रेस सरकार से पूछ रहा है कि चुनावों के दौरान किए गए वादे आखिर कहां गए? पांच लाख सरकारी नौकरियों की गारंटी देकर सत्ता में आई कांग्रेस चार साल बाद भी रोजगार के मोर्चे पर अपनी उपलब्धियां गिनाने की स्थिति में नहीं है। सरकार बताए कि प्रदेश के कितने बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिला और कितने युवा आज भी रोजगार कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं।
बिक्रम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने दस गारंटियों का ऐसा मायाजाल बुना था, जिसके माध्यम से प्रदेश के हर वर्ग को उम्मीदें दिखाई गईं। महिलाओं को 1500 रुपये देने का वादा हो या युवाओं को पांच लाख नौकरियां देने की बात, किसानों-बागवानों से किए गए वादे हों या कर्मचारियों और आम जनता को राहत देने की घोषणाएं, आज हर वर्ग अपने साथ हुए वादों का हिसाब मांग रहा है। प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि सरकार ने चार वर्षों में कितनी गारंटियां पूरी कीं और कितनी आज भी केवल कागजों में हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी की समस्या लगातार युवाओं को परेशान कर रही है। सरकारी विभागों में अनेक पद खाली हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रिया को गति देने के बजाय सरकार युवाओं को इंतजार करवाने में लगी है। कहीं भर्ती प्रक्रिया लटकी हुई है तो कहीं परीक्षाओं और परिणामों को लेकर युवाओं में असमंजस है। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने के बजाय सरकार अपनी राजनीतिक प्राथमिकताओं में उलझी हुई है।
बिक्रम ठाकुर ने कहा कि जसवां-प्रागपुर के युवाओं का यह आक्रोश किसी राजनीतिक स्वार्थ का परिणाम नहीं, बल्कि उनके भविष्य की चिंता से उपजा है। आज का युवा मेहनत करने को तैयार है, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है और अपने परिवार का सहारा बनना चाहता है, लेकिन सरकार उसे रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने में विफल रही है। कांग्रेस सरकार को यह याद रखना चाहिए कि सत्ता जनता के विश्वास से मिलती है और उस विश्वास को बनाए रखने के लिए वादे पूरे करने पड़ते हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू से मांग की कि प्रदेश की दस गारंटियों पर श्वेत पत्र जारी किया जाए। पांच लाख सरकारी नौकरियों की गारंटी के तहत अब तक हुई भर्तियों, नियमित नियुक्तियों, रिक्त पदों और भविष्य की भर्ती योजना का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए। सरकार यह भी बताए कि अगले कार्यकाल तक नहीं, बल्कि वर्तमान कार्यकाल में युवाओं को रोजगार देने के लिए उसकी वास्तविक योजना क्या है।
दोनों नेताओं ने कहा कि भाजपा युवाओं के अधिकारों और प्रदेश के भविष्य से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी। कांग्रेस सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना ही होगा। जसवां-प्रागपुर से उठी युवा आक्रोश की यह आवाज पूरे हिमाचल में गूंजेगी और कांग्रेस की झूठी गारंटियों का हिसाब प्रदेश की जनता लेकर रहेगी।
What's Your Reaction?
