न्यूज़ एजेंसी - जम्मू 20-04-2026
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया , जहां यात्रियों से भरी एक बस गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में अब तक 20 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार बस उधमपुर से किसी अन्य गंतव्य की ओर जा रही थी, तभी पहाड़ी रास्ते पर चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही कई यात्रियों की जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे।
रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों को ले जा रही बस जिले की राम नगर तहसील के कानोटे मोड़ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार इस दुर्घटना में 20 यात्रियों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। पुलिस, स्थानीय लोग और सेना के जवानों ने दुर्घटना के तुरंत बाद बचाव अभियान शुरू कर दिया। घायलों को उधमपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि अभी-अभी उधमपुर के डीसी मिंगा शेरपा से बात की , क्योंकि मुझे एक घंटे से भी कम समय पहले कानोटे गांव में रामनगर से उधमपुर जा रही एक सार्वजनिक परिवहन बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान तुरंत शुरू कर दिया गया है। कई लोगों के हताहत होने की आशंका है। पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। घायलों को चिकित्सा सहायता के लिए अस्पताल ले जाया जाएगा।
इस बीच जम्मू और कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उधमपुर में हुआ सडक़ हादसा बेहद दर्दनाक है। मेरी गहरी संवेदनाएं पीडि़त परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मैंने जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है।