पांवटा साहिब में बाइक चोरी का आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल बरामद
पांवटा साहिब पुलिस ने बाइक चोरी के एक मामले का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
पांवटा साहिब, 31 मई, 2026 :
पांवटा साहिब पुलिस ने बाइक चोरी के एक मामले का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौरव कुमार पुत्र मलखान सिंह, निवासी नकुड़ (जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) तथा वर्तमान में गुज्जर कॉलोनी, पांवटा साहिब में किराए पर रह रहे हैं। उन्होंने थाना पांवटा साहिब में शिकायत दर्ज करवाई कि उन्होंने अपनी काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर UK07FQ-3738) को 29 मई की रात घर के बाहर खड़ा किया था। अगले दिन सुबह जब उन्होंने मोटरसाइकिल को देखा तो वह वहां से गायब थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने थाना पांवटा साहिब में धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुरजीत सिंह पुत्र ज्ञान चंद, निवासी गांव मलियों, डाकघर माजरा, उम्र 30 वर्ष ने गुज्जर कॉलोनी से उक्त मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।
पुलिस ने बताया कि नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है।
What's Your Reaction?


