पुलिस भर्ती की निःशुल्क कोचिंग के लिए उमड़ी युवाओं की भीड़, 590 अभ्यर्थियों ने कराया कोचिंग के लिए पंजीकरण
हिमाचल प्रदेश पुलिस में प्रस्तावित 800 पदों पर भर्ती की तैयारी के लिए सरकार द्वारा आयोजित निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम को युवाओं का जबरदस्त उत्साह मिला है। प्रथम सशस्त्र वाहिनी जुन्गा में पंजीकरण के अंतिम दिन कुल 590 अभ्यर्थियों ने अपना पंजीकरण करवाया, जिनमें 397 पुरुष एवं 193 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
प्रथम सशस्त्र वाहिनी जुन्गा के आदेशक भूपेन्द्र नेगी ने बताया कि पंजीकृत अभ्यर्थियों की 26 जुलाई को ज्वाइनिंग करवाई जाएगी, जबकि 27 जुलाई से एक माह का निःशुल्क प्रशिक्षण शुरू होगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान सभी अभ्यर्थियों को पुलिस विभाग की ओर से निःशुल्क आवास एवं भोजन की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार प्रशिक्षण में अभ्यर्थियों को पुलिस भर्ती प्रक्रिया, पात्रता शर्तों, शारीरिक दक्षता परीक्षा , शारीरिक मानक परीक्षा , लिखित परीक्षा की तैयारी, व्यक्तित्व विकास, अनुशासन तथा पुलिस सेवा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों का व्यापक प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे भर्ती परीक्षा के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकें।
आदेशक भूपेन्द्र नेगी ने सभी अभ्यर्थियों से प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन, कर्तव्यपरायणता और समयबद्धता बनाए रखने का आग्रह करते हुए कहा कि यह निःशुल्क कोचिंग युवाओं के लिए पुलिस सेवा में चयन का सुनहरा अवसर है, जिसका सभी को पूरी लगन और मेहनत के साथ लाभ उठाना चाहिए।
What's Your Reaction?



